जम्मू-कश्मीर के पुंछ में रविवार (28 जुलाई) को हुई फायरिंग में घायल बच्ची ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। महज 10 दिन की यह बच्ची पाकिस्तान की तरफ से किए गए सीजफायर उल्लंघन में गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस हमले में दो अन्य आम नागरिक भी घायल हुए थे। पुंछ जिला अस्पताल के डॉक्टर मंजीत सिंह के मुताबिक बच्ची को लंबे समय तक मेडिकल ऑब्जर्वेशन में रखा गया लेकिन उसकी जान नहीं बच पाई। वहीं दो अन्य घायलों को जम्मू के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

कई घरों को पहुंचा था नुकसानः सभी घायल पुंछ में नियंत्रण रेखा के नजदीक के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हमले में कई घरों को भी नुकसान पहुंचा है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक घायलों की पहचान 40 वर्षीय मोहम्मद आरिफ और 35 वर्षीय फातिमा जान बताई जा रही है। बता दें कि रविवार शाम करीब 5 बजे पाकिस्तान की तरफ से शाहपुर सेक्टर में मोर्टार से हमला किया गया था। इसके साथ-साथ सौजियान सेक्टर और रात के 8 बजे मेंढर सेक्टर में भी हमला होने की जानकारी मिली है। डिफेंस के प्रवक्ता के मुताबिक पाकिस्तानी हमले का भारत ने भी माकूल जवाब दिया।

National Hindi News, 29 July 2019 LIVE Updates: देश दुनिया की तमाम अहम खबरों के लिए क्लिक करें

Kanpur News Live Updates: कानपुर से जुड़ी सभी बड़ी खबरों के लिए क्लिक करें

पाकिस्तान की तरफ से लगातार हो रहे हमलेः बता दें कि 22 जुलाई को पाकिस्तान की तरफ से हुई फायरिंग में एक भारतीय जवान शहीद हो गया था। यह घटना राजौरी जिले के सुंदरबनी सेक्टर में हुई थी। इसी तरह पुंछ में ही 20 जुलाई को सीजफायर उल्लंघन में एक भारतीय नागरिक घायल हो गया था। जम्मू-कश्मीर के इन इलाकों में पाकिस्तान की तरफ से आए दिन हमले की घटनाएं सामने आती हैं।