पंजाब की जालंधर लोकसभा सीट पर उपचुनाव में आम आदमी पार्टी की धमाकेदार जीत के बाद पार्टी में खुशी का माहौल है। कांग्रेस अपना 24 साल पुराना किला बचाने में सफल नहीं हो सकी। 10 मई को इस सीट पर वोटिंग हुई थी, जिसके नतीजे शनिवार (13 मई, 2023) को आ गए हैं। इसमें आप के सुशील कुमार रिंकू को अच्छे मतों से जीत हासिल हुई है। इस बीच आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि राज्य की भगवंत मान सरकार के अच्छे काम की वजह से पार्टी की यह शानदार जीत हुई है।

जालंधर उपचुनाव में जीत के बाद अब आम आदमी पार्टी का लोकसभा में एक सदस्य हो जाएगा। पिछले साल संगरूर में उपचुनाव हारने के बाद लोकसभा में आप का एक भी सदस्य नहीं था। इससे पहले भगवंत मान आप के लोकसभा सदस्य थे, लेकिन पंजाब में मुख्यमंत्री बनने से पहले उन्होंने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इस कारण संगरूर संसदीय सीट खाली हो गई थी। राज्यसभा में आप के फिलहाल 10 सदस्य हैं।

आम आदमी पार्टी के मुख्यालय में जालंधर उपचुनाव के बारे में बातचीत करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, “भगवंत मान सरकार के पंजाब में अच्छे काम का नतीजा जालंधर उपचुनाव में यह अप्रत्याशित जीत है। हमारी पार्टी के उम्मीदवार ने वहां जीत हासिल की है, जो पिछले 50 साल से कांग्रेस का गढ़ था।”

जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का इस साल जनवरी में दिल का दौरा पड़ने के बाद निधन हो गया था, जिससे यह सीट खाली हो गई थी और कांग्रेस ने वहां से दिवंगत सांसद की पत्नी करमजीत कौर चौधरी को उम्मीदवार बनाया था।

अरविंद केजरीवाल ने कहा, “हम काम की राजनीति करते हैं और अपने काम के लिए लोगों से वोट मांगते हैं, और लोगों ने भगवंत मान सरकार के कार्य पर ठप्पा लगा दिया है कि हम आपके साथ हैं..यह एक बड़ा संदेश है।” केजरीवाल के साथ मौजूद मान ने कहा कि उपचुनाव के रुझान दर्शाते हैं कि पंजाब में उनकी सरकार द्वारा किए गए कामों पर लोगों ने ‘सकारात्मक मुहर’ लगा दी है। उन्होंने कहा, “चुनाव परिणाम ने हमारी जिम्मेदारी और मेरा आत्मविश्वास बढ़ाया है। हम पंजाब के विकास के लिए और अधिक मेहनत करेंगे।”