मध्य प्रदेश के दमोह जिला स्थित बेलाजी जैन तीर्थ क्षेत्र में रहकर चातुर्मास व्रत कर रहे मुनिश्री शुद्धात्म सागर को अब 25 साल का संन्यास छोड़कर गृहस्थी बसाने की इच्छा हो गई है। इसके लिए उन्होंने खुलकर घोषणा भी कर दी है। हालांकि इस मामले में विवाद भी शुरू हो गया है। वह दो बार दीक्षा ले चुके हैं और पिछले 25 साल से बिना वस्त्र के हैं। लेकिन अचानक उन्होंने अपना मन बदल लिया और अपनी महिला मित्र प्रज्ञा दीदी से विवाह करके खुद आम लोगों की तरह गृहस्थ जीवन बिताने की इच्छा जता दी। उनके इस निर्णय से हर कोई हैरान है। उनके भक्त भी आश्चर्यचकित हैं।
बताया जा रहा है कि 24 अगस्त को शाम सात बजे वह पटेरा मार्ग स्थित आश्रम से निकले और सीधे हिंडोरिया थाने पहुंचे। उन्होंने थाने में ही वस्त्र पहनकर 25 साल का संन्यास छोड़ दिया। उनके पहुंचने के कुछ घंटे बाद उनकी महिला मित्र भी थाने पहुची। थाने में मुनिश्री शुद्धात्म सागर और महिला मित्र ने बेलाजी जैन तीर्थ क्षेत्र प्रबंधन पर मारपीट और प्रताड़ित करने के आरोप लगाए। हालांकि इसकी रिपोर्ट दर्ज कराने से इनकार कर दिया।
मुनिश्री पिछली 22 जुलाई को आश्रम आए थे। यहां पर उनसे 8 दिन पहले आगरा से आईं महिला मित्र प्रज्ञा दीदी से बातचीत होने लगी। दोनों के इस तरह बातचीत करने पर आश्रम के आचार्यश्री सिद्धांत सागर महाराज ने नाराजगी जताई और दोनों को बाहर जाने को कह दिया।
यह भी पढ़ें: स्वप्न शास्त्र अनुसार ये सपने किसी बड़ी अनहोनी के होने का देते हैं संकेत, पहले ही हो जाएं सतर्क
यह भी देखें: खत्म हुआ सूर्य और शनि का समसप्तम योग, अब शनि साढ़े साती और शनि ढैय्या से पीड़ितों को मिलेगी राहत
इस मामले में थाना प्रभारी संधीर चौधरी ने बताया कि थाने में मुनिश्री शुद्धात्म सागर ने तीर्थ क्षेत्र प्रबंधन पर मारपीट करने, महिला मित्र को खाना न देने के आरोप लगाए। पहले वे लिखित शिकायत दर्ज कराए, लेकिन बाद में वापस ले लिए। रात 11 बजे थाने में महिला मित्र प्रज्ञा दीदी भी पहुंचीं और तीर्थ क्षेत्र प्रबंधन पर मोबाइल छीनने और मंदिर से बाहर करने का आरोप लगाया।
मीडिया से बातचीत में प्रज्ञा दीदी ने कहा, “हम मोबाइल पर सिर्फ बात करते थे। कुछ भी गलत संबंध नहीं बनाए। यहां भेदभाव हो रहा है। हम एक टाइम भोजन करते हैं, हमसे कहा जाता था कि पहले महाराजजी भोजन करेंगे, बाद में खाना मिलेगा। मंगलवार को खाना नहीं दिया। बीच में बड़े महाराज आए और यहां से निकलने के लिए कह दिया। हमारा बैग, पैसा और भगवान का सिंहासन भी ले लिए।”
उधर, मुनिश्री शुद्धात्म सागर ने कहा, “मैं किसी का विरोध कर रहा हूं, लेकिन मुझे बदनाम किया जा रहा है। मैं एक माह पहले जुलाई में ही आश्रम आया था। हमें यहां पर गलत ढंग से देखा जा रहा है, इसलिए अब गृहस्थ जीवन ही अपनाऊंगा। प्रज्ञा दीदी के साथ गृहस्थ जीवन स्वीकार कर रहा हूं।”
आश्रम में और भक्तों में चर्चा थी कि बुधवार को वे दोनों लोग दमोह के जिला न्यायालय में कोर्ट मैरिज करने जाने वाले हैं, हालांकि उन्होंने ऐसा नहीं किया।
इससे पहले गुजरात के जूनागढ़ आश्रम के मुनि मुदित सागर उर्फ हुकुमचंद जैन भी सांसारिक जीवन में लौट चुके हैं। उन्होंने खान-पान से लेकर पूरी दिनचर्या आम लोगों की तरह अपना ली है।