गुजरात में प्रचार के दौरान आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि उनका जन्म श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन हुआ था। भगवान ने उन्हें कंस की औलादों का नाश करने के लिए भेजा है। जनता को भ्रष्टाचारी और गुंडे से मुक्ति दिलाने के लिए भेजा है। दिलचस्प बात यह है कि आप के मुख्यमंत्री उम्मीदवार इसुदान गढ़वी उस द्वारका से हैं, जिसे लेकर यह मान्यता है कि उसे कृष्ण ने बसाया था।

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को पूर्व पत्रकार इसुदान गढ़वी को गुजरात के लिए पार्टी का मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित किया है। गढ़वी आप के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव भी हैं।

इसुदान गढ़वी की उम्मदवारी को जनता की राय बताते हुए केजरीवाल ने कहा, ”पिछले हफ्ते हमने इस मुद्दे पर जनता की राय मांगी थी। 16,48,500 प्रतिक्रियाएं प्राप्त हुईं, उनमें से 73 प्रतिशत ने इसुदानभाई गढ़वी को पसंद किया है।”

कौन हैं इसुदान गढ़वी?

इसुदान गढ़वी द्वारका जिले के पिपलिया गांव के एक किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। राज्य की आबादी में 48 फीसदी हिस्सा अन्य पिछड़ा वर्ग का है। गढ़वी भी ओबीसी समुदाय से आते हैं। वह वर्तमान में आप के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव हैं और पूर्व में टीवी पत्रकार थे।

टीवी पत्रकार के तौर पर गढ़वी ने दूरदर्शन के लोकप्रिय शो ‘योजना’ में काम किया। गुजराती टीवी न्यूज चैनल ‘वीटीवी गुजराती’ के लोकप्रिय समाचार शो “महामंथन” के एंकर के रूप में गढ़वी को खूब प्रसिद्धी मिली थी।

गढ़वी ने साल 2005 में गुजरात विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में डिग्री हासिल की थी। करियर की शुरुआत में उन्होंने 2007 से 2011 तक ETV Gujarati के लिए फील्ड जर्नलिस्ट के तौर पर काम किया था। तब वह पोरबंदर से रिपोर्ट किया करते थे।

इसुदान गढ़वी पहली बार गुजरात के डांग और कपराडा तालुका में जंगल की अवैध कटाई से जुड़े 150 करोड़ रुपए के घोटाले को उजागर चर्चा में आए थे। यहीं से उन्हें एक निडर पत्रकार के तौर पर जाना जाने लगा। उनकी इस रिपोर्ट के बाद गुजरात सरकार को सक्रियता दिखाते हुए, कई कदम उठाने पड़े थे।

Gujarat Election 2022: दलित,आदिवासी, और मुसलमानों के वोटों का क्या है महत्व? देखें वीडियो:

गढ़वी 14 जून 2021 को आप में शामिल हुए थे। उन्हें पार्टी में लाने का श्रेय गोपाल इटालिया को दिया जाता है। इटालिया फिलहाल राज्य में पार्टी के प्रमुख हैं।