भारतीय मौमस विभाग ने हिमाचल प्रदेश में चार से छह जनवरी तक भारी बर्फबारी और बारिश की ‘नारंगी चेतावनी’ जारी की है। मौसम विभाग ने कहा कि लाहौल और स्पीति जिले के प्रशासनिक केंद्र केलांग राज्य का सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है जहां गुरुवार को शाम साढ़े पांच बजे से शुक्रवार को सुबह साढ़े आठ बजे तक न्यूनतम तापमान शून्य से 10.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। शिमला स्थित मौसम विभाग केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि गुरुवार को इस अवधि के दौरान कल्पा में न्यूनतम तापमान शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, मनाली में शून्य से नीचे 3.2 डिग्री सेल्सियस, कुफरी और भुंतर में शून्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राज्य में आठ जनवरी से कुछ स्थानों पर वर्षा होने की भी संभावना जतायी है।राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) ने गुरुवार को कहा कि वह किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

राज्य के एक अधिकारी ने कहा कि राज्य एवं जिला नियंत्रण कक्ष किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटकों और आम जनता से आने वाले दिनों में ऊंचाई वाले स्थानों पर जाने से परहेज करने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी भागों में मौसम का कहर 9 जनवरी तक जारी रहेगा फलस्वरूप अधिक बर्फ़बारी और बारिश की संभावना जताई गई है।

जबकि अधिकांश पर्यटन स्थल जैसे शिमला, कुफरी, नारकंडा, कल्पा, डलहौजी और मनाली में हल्की बर्फ़बारी के आसार हैं। वहीं बर्फ़बारी के अलावा राज्य के कई हिस्सों में बारिश भी हुई है। बता दें कि नए साल के चलते भारी संख्या में पर्यटक हिमाचल प्रदेश में बर्फ़बारी का लुफ्त उठाने के लिए जमा हुए हैं। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के उत्तरकाशी हिस्से में भी ताज़ा बर्फ़बारी की संभावना है। पर्यटन की दृष्टि यह आइस स्केटिंग और स्कींग करने वालों के काफी दिलचस्प होगा। (भाषा इनपुट्स के साथ)