भारत और पाकिस्तान ने शुक्रवार को द्विपक्षीय समझौते के तहत अपने परमाणु प्रतिष्ठानों की सूची का आदान-प्रदान किया। यह समझौता एक दूसरे के परमाणु स्थलों पर हमले करने से रोकने वाला है। दोनों देशों ने नई दिल्ली और इस्लामाबाद में अपने कूटनीतिक माध्यमों से अक दूसरे की जेलों में कैदियों (मछुआरों व असैन्य कैदी) की सूची का आदान प्रदान भी किया।

परमाणु प्रतिष्ठानों से जुड़े समझौते पर 31 दिसंबर, 1988 को दस्तखत किया गया था और यह 27 जनवरी 1991 को अमल में आया था। इसके अनुसार दोनों देशों को हर साल एक जनवरी को अपने परमाणु प्रतिष्ठानों और स्थलों की सूचना देनी होती है। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दोनों देशों ने एक दूसरे की जेलों में बंद कैदियों की सूची का भी आदान-प्रदान किया।

दोनों देशों के बीच कैदियों से जुड़ा समझौता 31 मई, 2008 को हुआ था। इसके अनुसार दोनों देशों को एक दूसरे के कैदियों की सूची का आदान प्रदान हर साल एक जनवरी और एक जुलाई को करना होता है।