उत्तर प्रदेश में कोरोना महामारी के बीच भी लोगों की ओर से कानून तोड़ने का सिलसिला जारी है। इसमें बड़ी उम्र के लोगों के साथ युवा भी बड़ी संख्या में शामिल हैं। हाल ही में कुछ युवकों का अपने दोस्त का जन्मदिन मनाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसमें लड़कों को एक कार की छत पर तलवार से केक काटते और बाद में जश्न के दौरान तमंचे से गोली चलाते देखा जा सकता है। इस घटना के बाद पुलिस ने हरकत में आते हुए कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है।

बताया गया है कि यह मामला आजमगढ़ के मनियार इलाके के बड़की बारी गांव का है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लड़के लग्जरी कार में साथ पहुंचे और केक को कार की छत पर रख दिया। इस दौरान जिस लड़के का जन्मदिन था उसने तलवार लहराई। इस दौरान एक और युवक को कार के पास ही तमंचे में कारतूस भरते और फायरिंग की तैयारी करते देखा जा सकता है। इसके बाद तलवार थामे युवक जैसे ही बर्थडे केक काटता है, तमंचा थामे व्यक्ति ने उसी दौरान गोलियां दाग दीं।

इसके बाद तलवार और तमंचे के साथ हुई इस बर्थडे पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर देखते-देखते वायरल हो गया। इसमें चार से पांच लड़के देखे जा सकते हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद बलिया पुलिस तुरंत हरकत में आई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने तलवार से केक काटने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है और वीडियो में हथियार लहराने वाले दो अन्य की तलाश की जा रही है।

बलिया के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान की गई। अब तक जन्मदिन मनाने वाले लड़के को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा फायरिंग करने वाले और वीडियो बनाने वाले को भी चिन्हित किया गया है। तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि और कौन लोग थे, जो वीडियो में सामने नहीं आए, पर मौके पर मौजूद थे।