झारखंड में एक दुष्कर्म पीड़िता ने खुदकुशी करने की कोशिश की है। हालांकि पीड़िता को बचा लिया गया है और अस्पताल में भर्ती है। बता दें कि पीड़िता ने जहर खाकर खुदकुशी करने का प्रयास किया। वहीं जब युवती से खुदकुशी की वजह जानने की कोशिश की गई तो पीड़िता ने बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले गांव के एक शख्स ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। हालांकि पुलिस से शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया लेकिन उसके बाद से पंचायत उसे परेशान कर रही है।
पीड़िता को 5 लाख का जुर्माना: दरअसल पूरा मामला मेरा प्रखंड का है। जहां डेढ़ महीने पहले गांव के एक शख्स ने उसके साथ दुष्कर्म किया था।हालांकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया लेकिन पंचायत ने परेशान करना शुरू कर दिया। पीड़िता ने बताया कि इस पूरे मामले के बाद पंचायत ने महिला को फरमान सुनाया कि पहले गंगा स्नान करो। फिर पूजा पाठ कराकर पूरे गांव को भोजन करवाओ। इसके साथ ही पांच लाख का जुर्माना भरो। पंचायत के इस तुगलकी फरमान के बाद ही पीड़िता ने जहर खा लिया। हालांकि पीड़िता के परिजनों ने उसे बचा लिया।
पंचायत का क्या है कहना: इस पूरे मामले पर पंचायत का कहना है कि महिला का पति बाहर काम करता है। ऐसे में महिला का गांव के ही दूसरे शख्स से अवैध संबंध थे। हालांकि दोनों को इस बारे में समझाया लेकिन कुछ ऐसा हुआ कि महिला ने शख्स पर दुष्कर्म का आरोप लगा दिया। इसके बाद पुलिस ने शख्स को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं तुगलकी फरमान की बात पर पंचों ने कहा कि उन्होंने महिला से गंगा स्नान और भोज की बात तो कही है। लेकिन पांच लाख जुर्माने की बात सरासर झूठ है।
पति का क्या है कहना: इस पूरे मामले पर पीड़िता के पति का कहना है कि ये मेरे परिवार का आंतरिक मामला है। इसे ज्यादा तूल देने से गांव का ही माहौल खराब होगा। इसलिए मैं इस मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहता हूं।
पुलिस का क्या है कहना: इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि दुष्कर्म के आरोपी को जेल भेजा जा चुका है। वहीं पांच लाख जुर्माने की कोई शिकायत अभी तक नहीं की गई है। शिकायत होगी तो कार्रवाई की जाएगी।