उत्तर प्रदेश के कानपुर का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें बीजेपी पार्षद एक चोर से पुलिसिया अंदाज में पूछताछ करती हुई नजर आ रही है। पार्षद का नाम मेनका सिंह सेंगर बताया जा रहा है। वो कानपुर के बिनगवां वार्ड-87 से पार्षद हैं। जानकारी के अनुसार नौबस्ता थाना क्षेत्र के ब्रह्मनगर इलाके में मगलवार शाम को बिधनू निवासी रवि उर्फ बिल्ली नाम के एक युवक को चोर होने के शक में पकड़ा था।

खबर मिलने के बाद पार्षद भी वहां पहुंची और उन्होंने युवक से पूछताछ करनी शुरू कर दी। वीडियो में देखा जा सकता है कि वो कथित तौर पर चोर युवक से पुलिसिया अंदाज में पूछताछ कर रही है। हालांकि वीडियो में चोर खुद को पुलिस का मुखबिर बता रहा है। साथ ही वो लोगों से माफी की गुहार भी लगा रहा है।

पार्षद पहले भी रही हैं विवादों में: चोर से पूछताछ करने वाली पार्षद पहले भी विवादों में रही हैं। इससे पहले 26 अगस्त को मेनका सिंह सेंगर ने नगर निगम के स्वच्छता अधिकारी को उनके कार्यालय में ही बंधक बनाने का प्रयास किया था। तब वो अपने साथ भारी भीड़ लेकर कार्यालय पहुंची थी। जिसके बाद उनके ऊपर केस भी दर्ज किया गया था।

इधर राज्य के नोएडा में दादरी थाना क्षेत्र के एनटीपीसी मोड़ के पास सरिया चोरी कर सस्ते दाम पर बेचने के आरोप में दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दादरी थाना प्रभारी प्रदीप त्रिपाठी ने बताया कि सरिया चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान बबलू और अंकित भाटी के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सरिया चोर गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। यह गिरोह राजमार्ग से गुजरने वाले सरिया से लदे ट्रकों से सरिया चोरी करता है और बाद में उसे करीब आधे दाम पर दुकानदारों को बेच देता है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 14 क्विंटल सरिया बरामद किया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से एक ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि सरिया चोर गिरोह के करीब तीन-चार आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।