पूर्व बीजेपी नेता और विधायक टी राजा सिंह चर्चा में बने रहते हैं। कुछ महीने पहले उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दिया था। अब उन्होंने एक विवादित बयान दे दिया। मध्यप्रदेश में हाल ही में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमे राजा सिंह भी मौजूद थे। उन्होंने इसी कार्यक्रम में पैगंबर मोहम्मद के बारे में कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी कर दी, जिसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। हैदराबाद पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने दर्ज किया FIR
पुलिस ने बताया कि टी राजा सिंह के पैगंबर मोहम्मद के बारे में कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिसके बाद लोगों के एक समूह ने शनिवार को शालीबंदा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर राजा सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
राजा सिंह हिंदुत्व के समर्थन में बयान देने के लिए जाने जाते हैं। इससे पहले उन्हें अगस्त 2022 में इस्लाम और पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित टिप्पणियों के लिए गिरफ्तार किया गया था। हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। राजा सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीता था।
राजनीति छोड़ने की योजना बना रहे राजा सिंह
टी राजा सिंह ने कुछ दिन पहले ही कहा था कि गोशामहल विधानसभा क्षेत्र से अपने बचे कार्यकाल के बाद वह राजनीति छोड़ने की योजना बना रहे हैं। गोशामहल AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी के संसदीय क्षेत्र में आता है। वकील से नेता बने राजा सिंह हरिसेवा उदासीन आश्रम परिसर में दुर्गा शक्ति अखाड़ा के नौवें स्थापना दिवस में शामिल होने के लिए राजस्थान के भीलवाड़ा में थे। राजा सिंह ने कहा कि उन्होंने आंतरिक नेतृत्व की गलतियों के कारण पार्टी छोड़ी, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि भविष्य में चुनावी मुकाबलों में उनकी रुचि नहीं है।
राजा सिंह ने कहा, “अब मेरा लक्ष्य अपने भारत के हिंदुओं को सुरक्षित रखना है, जिसके लिए मैं अपनी बहनों और बेटियों की रक्षा के लिए हर राज्य में जाता हूं और हिंदू राष्ट्र के लिए हिंदू युवाओं को इकट्ठा करता हूं। तीन साल में मेरा विधायक कार्यकाल समाप्त होने के बाद मैं राजनीति छोड़ दूँगा और प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों का प्रचार जारी रखूंगा।”