उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आजम खान के साथ अपनी फोटो वाले होर्डिंग्स लगाने वाले एक हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। निगम रके अधिकारियों ने उसके लगवाए होर्डिंग्स भी हटवा दिए हैं। आजम खान सोमवार को खुर्जा में एक प्ले स्कूल का उद्घाटन करने आए थे जिसके बाद उन्हें एक जनसभा को संबोधित करना था। हाजी आरिफ नाम के हिस्ट्रीशीटर ने उनके स्वागत में जगह-जगह पोस्टर व होर्डिंग्स लगवाए थे। इन होर्डिंग्स में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, मुलायम सिंह और आजम खान के साथ बदमाश आरिफ का फोटो भी लगा हुआ था।

होर्डिंग्स से साफ जाहिर हो रहा था कि जिले में आगमन पर आजम का स्वागत एक हिस्ट्रीशीटर करेगा। यह सब देखकर आजम खान का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों समेत पार्टी नेताओं को जमकर फटकार लगाई। आजम के तल्ख तेवर देखकर आनन-फानन में नगर पालिका प्रशासन ने होर्डिंग्स उतरवाए।

कुछ महीनों पहले तक खुर्जा देहात इलाके का वांछित रहा आरिफ पांच हजार का इनामी भी रहा है। तमंचा लेकर डांस करते हुए उसका वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। आरिफ पर 45 से ज्यादा केस दर्ज हैं। उसका भाई भी इसी इलाके से हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। जेल से छूटने के बाद आरिफ ने हाल ही में खुर्जा के हसनगढ़ इस्लामाबाद से ग्राम प्रधान का चुनाव जीता था।