दिल्ली से कालका जा रही हिमालयन क्वीन ट्रेन का एक डिब्बा पटरी से उतर गया। यह हादसा बुधवार सुबह (20 मार्च) 6:49 बजे हरियाणा के पानीपत जिले में हुआ। हादसे की वजह कोच के एक पहिए का जाम होना बताया जा रहा है। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। वहीं, रेलवे के अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

भोडवाल माजरी रेलवे स्टेशन के पास हुआ हादसाः जीआरपी (गवर्नमेंट रेल पुलिस) के एक अधिकारी ने पानीपत में बताया कि हादसा भोडवाल और माजरी रेलवे स्टेशन के पास बुधवार सुबह करीब सात बजे हुआ। हादसे के बाद घटनास्थल पर ट्रेन के प्रभावित डिब्बे को अलग कर दिया गया। वहीं, बाकी ट्रेन को सुबह करीब आठ बजे घटनास्थल से रवाना कर दिया गया।

दिन भर की बड़ी खबरों के लिए इस लिंक पर करें क्लिक

पहिया जाम होने के बाद भी 500 मीटर चली ट्रेन : अधिकारी ने बताया, ‘‘हिमालयन क्वीन ट्रेन में गार्ड के डिब्बे का एक पहिया जाम हो गया था। ऐसे में यह कोच पटरी से उतर गया। यह ट्रेन का आखिरी कोच था, जिसके चलते बड़ा हादसा टल गया। वहीं, पहिया जाम होने से रेलवे ट्रैक का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। पहिया जाम होने के बाद भी ट्रेन करीब 500 मीटर तक आगे बढ़ गई।’’ उत्तर रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।

रेल यातायात हुआ प्रभावितः रेलवे अधिकारी ने बताया कि हादसे के कारण इस मार्ग पर रेल यातायात कई घंटे तक बाधित रहा। दुर्घटना राहत ट्रेन के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद स्थिति सामान्य हुई। वहीं, मामले की जानकारी मिलते ही उत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। क्षतिग्रस्त पटरी की मरम्मत कर दी गई है।

इन रूटों पर सफर तय करती है यह ट्रेनः बता दें दिल्ली से कालका तक चलने वाली यह ट्रेन सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अम्बाला और चंडीगढ़ होते हुए गुजरती है।