Himachal Pradesh Vidhan Sabha Chunav 2022: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार (12 नवंबर, 2022) को मतदान संपन्न हो गया है। मतदान केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट को सील कर सुरक्षित किया जा रहा है। अब 8 दिसंबर को मतगणना होगी और पता चलेगा कि राज्य में किसकी सरकार बनने जा रही है। इस बार 2017 विधानसभा चुनाव के मुकाबले वोटिंग में कमी दर्ज की गई है। इस साल 65.5 फीसदी वोटिंग हुई है, जबकि 2017 में हुए हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में 74 फीसदी मतदान हुआ था।
आज राज्य विधानसभा की सभी 68 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हुआ। मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदाता वोट डालने के लिए पहुंचे। हिमाचल प्रदेश में दोपहर तीन बजे तक 55 फीसदी मतदान दर्ज किया गया, इससे पहले 1 बजे तक 37 फीसदी वोटिंग हुई थी। इस दौरान तमाम दिग्गज नेताओं ने वोट डाला। सीएम जयराम ठाकुर भी अपने परिवार के साथ मतदान के लिए पहुंचे। उन्होंने कहा कि अपनी बड़ी जीत को लेकर वह आश्वस्त हैं। वहीं, कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे विकरमादित्य सिंह ने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश में इस बार बहुमत के साथ उनकी पार्टी सरकार बनाएगी।
हिमाचल में सुबह 8 बजे मतदान शुरू हुआ। हालांकि, शुरूआत में मतदान की रफ्तार धीमी रही, लेकिन धूप निकलने के साथ मतदाताओं की संख्या बढ़ने लगी। बीजेपी और कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं ने सुबह-सुबह पोलिंग बूथ पर जाकर मतदान किया और सभी से मतदान करने की अपील की।
आठ दिसंबर को विधानसभा चुनावों के नतीजे घोषित किए जाएंगे और तब तय हो जाएगा कि हिमाचल में किस पार्टी की सरकार बनने जा रही है।पहाड़ी राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। जहां एक तरफ सत्ताधारी दल भाजपा ने लगातार दूसरी बार चुनाव जीतकर राज्य में सत्ता पाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी। वहीं, प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस भी सत्ता में वापसी की कोशिश करती दिखाई दी। इस बार चुनाव में आम आदमी पार्टी ने भी किस्मत आजमाई है।
चुनाव आयोग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, राज्य में कुल 55 लाख वोटर हैं, जिनमें 27 लाख 80 हजार वोटर पुरुष और 27 लाख 27 हजार महिला वोटर हैं। इसके अलावा राज्य में 56,001 वोटर दिव्यांग हैं। जानकारी के मुताबिक, 80 साल से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 1.22 लाख है। वहीं, 1184 मतदाता ऐसे हैं, जिनकी उम्र 100 साल से अधिक है। चुनाव प्रक्रिया में शामिल कर्मियों की संख्या 67 हजार 532 है।
हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों पर वोटिंग जारी है। पढ़ें, पल-पल के अपडेट्स
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में दोपहर एक बजे तक 37.19 फीसदी मतदान हुआ।
राज्य भर में 157 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जिनका संचालन पूरी तरह महिला कर्मचारी कर रही हैं।
हिमाचल प्रदेश में सुबह 11 बजे तक 17.98% मतदान दर्ज हुआ है।
कांग्रेस उम्मीदवार सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हमीरपुर में मतदान किया। उन्होंने कहा, "आज लोकतंत्र के उत्सव का दिन है। मुझे लगता है कि इस बार निश्चित तौर पर कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी क्योंकि लोगों ने कांग्रेस को मतदान किया है।"
बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और उनकी पत्नी ने बिलासपुर के विजयपुर में एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। बीजेपी अध्यक्ष ने सभी से अधिक से अधिक संख्या में वोट करने की अपील की।
पहाड़ी राज्य में सुबह आठ बजे मतदान शुरू होने के बाद शुरूआत में मतदान की रफ्तार धीमी रही, लेकिन धूप निकलने के साथ मतदाताओं की संख्या बढ़ने लगी है। मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ है और शाम पांच बजे तक चलेगा।
कांग्रेस सांसद आनंद शर्मा ने मतदान के बाद कहा कि पार्टी चुनावों में जीत दर्ज करेगी।
हिमाचल प्रदेश में सुबह 9 बजे तक 5.02 फीसदी मतदान हुआ है। लाहौल और स्पीति में 1.56% और सिरमौर में 6.26% मतदान हुआ।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने हिमाचल प्रदेश के लोगों से सूझबूझ से मतदान की अपील करते हुए शनिवार को कहा कि वे राज्य के भविष्य को बनाने में योगदान दें।
प्रतिभा सिंह ने मतदान करने के बाद कहा, मैं लोगों से यही अनुरोध करूंगी कि आप विकास और काम के नाम पर वोट दीजिए। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा विकास किया है और आगे भी कांग्रेस ही हिमाचल का विकास बढ़ा सकती है।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कई राज्यों में हमारी सरकार दोबारा बनी इसलिए इस बार भी ऐसा ही होगा। क्योंकि सुशासन, विकास और जनकल्याण के कई काम हुए हैं।
भाजपा विधायक और हिमाचल के मंत्री सुरेश भारद्वाज ने किया मतदान, बोले- बीजेपी दोबारा बनाएगी सरकार
सीएम जयराम ठाकुर ने अपने परिवार के साथ सिराज विधानसभा में किया मतदान, बोले- जीत को लेकर आश्वस्त, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को राज्य के लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने मतदान से पहले शनि मंदिर में की पूजा
एक वोटर ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, "मतदान को अधिक जिम्मेदारी के रूप में लिया जाना चाहिए। आज की पीढ़ी इसे बहुत हल्के में लेती है। एक मतदाता ने कहा कि अधिक प्रगति होनी चाहिए और ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक सुविधाएं दी जानी चाहिए।"
पीएम मोदी ने अपील करते हुए कहा, "हिमाचल प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों के लिए आज मतदान का दिन है। देवभूमि के समस्त मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ भाग लें और वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं।"
हिमाचल प्रदेश विधानसभा की सभी 68 विधानसभा सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया है।
शिमला जिला के रामपुर विधानसभा के मंतदान केंद्र 83-84 में मॉक पोलिंग की गई।
मंडी जिले के सिराज विधानसभा के मंतदान केंद्र-44 औहानी में मॉक पोलिंग की गई। राज्य के 68 सीटों पर आज सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू होगी।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव-2022 में 412 उम्मीदवार मैदान हैं जिनमें से 55 प्रतिशत (226) प्रत्याशी करोड़पति हैं। 128 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ भाजपा के बलवीर सिंह वर्मा शीर्ष पर हैं।
एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य की 68 में से 67 सीट पर उम्मीदवार खड़ा करने वाली आम आदमी पार्टी (आप) के 52 प्रतिशत उम्मीदवार करोड़पति हैं।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के करीब 90 प्रतिशत उम्मीदवार करोड़पति हैं, जबकि सत्ताधारी भाजपा के करोड़पति उम्मीदवारों की संख्या 82 प्रतिशत है।
हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों पर अब से कुछ देर में वोटिंग शुरू हो जाएगी। करीब 55 लाख मतदाता राज्य में अगली सरकार का चुनाव करेंगे।