कश्मीर, हिमाचल समेत देश के कई पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी हुई। हिमाचल में बर्फबारी के चलते जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस दौरान प्रदेश के बिलासपुर और हमीरपुर जिलों में पहली बार बर्फबारी देखने को मिली। भारी बर्फबारी से 350 से ज्यादा सड़कों पर आवागमन फिलहाल बंद हैं। बता दें कि प्रदेश में 10 साल बाद पारा -17 डिग्री पहुंचा है। उधर, लद्दाख का द्रास देश में सबसे ठंडा रहा। यहां तापमान माइनस 28.7 रिकॉर्ड किया गया।
बता दें कि कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी का दौर जारी है जिसके चलते मैदानी इलाकों में ठिठुरन और बढ़ गई है। हिमाचल में बर्फबारी के चलते यातायात पर बुरा असर पड़ा है। यहां बीते एक हफ्ते से सैकड़ों सड़कें ठप पड़ी हुई है। इनमें कई सड़कों को पीडब्ल्यूडी महकमें ने बहाल किया था लेकिन कल हुई बर्फ़बारी ने फिर से इन्हें जाम कर दिया है। इनमें शिमला, चम्बा, मंडी और किन्नौर जिलें की सड़के शामिल हैं। गौरतलब है कि इस बीच प्रदेश के बिलासपुर और हमीरपुर जिलों में पहली बार बर्फबारी हुई है।
रविवार को हुई भारी बर्फबारी के चलते प्रशासन के मुताबिक 250 से अधिक जेसीबी, डोजर और टिम्पर बर्फ हटाने में जुटे हुए है। बताया जा रहा है कि करीब 70 सड़कों में देर रात तक और करीब 200 सड़कों में आज शाम तक यातायात बहाल कर दिया जाएगा। दावा किया जा रहा है कि इस दौरान पीडब्ल्यूडी महकमें को एक हफ्ते के अंदर करीब 60 करोड़ का नुकसान हुआ है।
गौरतलब है कि पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर मैदानी राज्यों में देखने को मिल रहा है। देश के मैदानी राज्यों दिल्ली ,मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तरप्रदेश आदि में सर्द हवाओं से ठिठुरन और बढ़ गई। दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के आसपास बना हुआ है।