“हेलो फ्रेंड्स चाय पी लो, पापे खा लो।” कहने वाली महिला का नया वीडियो वायरल हुआ है। मुंबई पुलिस ने हाल ही में इसे सोशल मीडिया पर शेयर किया था, जिसमें सोमवती महावर ने लोगों से हेलमेट पहनने की अपील की। वह बोलीं- हेलो फ्रेंड्स, हेलमेट पहन लो और अपना ख्याल रखो। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि मुंबई पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए सोमवती का सहारा लिया और यह वीडियो बनवाया।
12 जून को मुंबई पुलिस ने वीडियो ट्वीट किया। साथ में लिखा, “हेलो फ्रेंड्स! हेलमेट पहन लो…ताकि आप सही-सलामत रहो और घर पर चाय पी सको।” खबर लिखे जाने तक ट्वीट को तकरीबन आठ हजार लोग लाइक कर चुके थे, जबकि तीन हजार से अधिक लोगों ने इसे रीट्वीट किया। वहीं, कुल 509 लोगों ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी। एक यूजर ने लिखा, “मुंबई पुलिस आपका सेंस ऑफ ह्यूमर काबिल-ए-तारीफ है। आप मजेदार तरीके से लोगों को सही रास्ता दिखा रहे हैं।”
https://twitter.com/MumbaiPolice/status/1006758724575297536
क्या है पूरा मामलाः सोशल मीडिया पर कुछ दिन से सोमवती के कुछ वीडियो वायरल हो रहे हैं। वह इनमें लोगों से पहले चाय पीने के लिए पूछती थीं। बाद में उन्होंने खाने-पीने की अन्य चीजों व घर की गतिविधियों को लेकर वीडियो बनाए। खास अंदाज में वह उस दौरान डायलॉग भी मारती हैं, जिस पर लोग खूब हंसते और आनंद लेते हैं। उसी क्रम में उनका हेलमेट पहनने की अपील करने वाला वीडियो सामने आया है।
कौन हैं सोमवतीः ‘चाय पी लो वाली’ महिला इस वक्त सोशल मीडिया सेसेंशन बनी हुई हैं। व्लॉगर (वीडियो ब्लॉग, जिसमें क्लिप के जरिए सबकुछ बयां किया जाता है) हैं और वीवो नाम की ऐप्लीकेशन पर समय दर समय वीडियो बनाती रहती हैं। वीवो अकाउंट पर इनके तकरीबन 30 हजार फॉलोअर्स हैं। खाने-पीने से लेकर अन्य गतिविधियों पर यह वीडियो बनाती रही हैं।
