देश की व्यावसायिक राजधानी मुंबई में लगातार भारी बारिश के चलते हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। महानगर के कई इलाकों में जलभराव के चलते सड़क और रेल यातायात पर बुरा असर पड़ा है। हालात को देखते हुए मुंबई में अधिकांश इलाकों के निजी और सरकारी स्कूलों में मंगलवार (2 जुलाई) के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया गया है। बारिश का असर हवाई यातायात पर भी देखने को मिला है।

स्कूल-ऑफिस सब बंदः सोमवार देर रात महाराष्ट्र के स्कूली शिक्षा मंत्री आशीष शेलार ने मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे और कोंकण इलाके के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में सार्वजनिक अवकाश का ऐलान कर दिया। बाद में बीएमसी (ब्रह्नमुंबई महानगर पालिका) ने ग्रेटर मुंबई के सभी निजी एवं सरकारी दफ्तरों में भी सार्वजनिक अवकाश का आदेश जारी कर दिया।

कई ट्रेनें कैंसिल, कई की रफ्तार मंदः देर रात यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस की तरफ जाने वाली ट्रेनों की रफ्तार पर भी लगाम लगा दी गई। नालासोपारा में पानी भरने के चलते कुछ ट्रेनें रद्द भी कर दी गईं। इनकी सूची नीचे दी गई है…

बारिश के चलते कैंसिल हुई ट्रेनों की सूची (फोटो-एएनआई)

रेल यातायात बुरी तरह प्रभावितः एएनआई पर मिली जानकारी के मुताबिक नालासोपारा, विरार और पालघर इलाके में रेलवे ट्रैक पर जलभराव के चलते ट्रेन नंबर- 12904, 22904, 22928,12962, 12902, 19208, 19218, 22944,12928, 12264, 19424, 12450,19020, 59442, 12298 और 12268 को अलग-अलग स्टेशनों पर रोक दिया गया। पश्चिम रेलवे ने अप-डाउन मेन लाइन की 16 ट्रेनों को मुंबई के अलग अलग स्टेशनों पर रोक दिया। यहां रेलवे ट्रैक से 150 मिमी ऊपर तक पानी भर गया है।

हवाई यातायात पर भी पड़ा असरः बारिश के चलते कोयंबटूर से मुंबई के बीच उड़ने वाली इंडिगो की 6ई 5321 फ्लाइट को भी अहमदाबाद की तरफ डायवर्ट कर दिया गया। बारिश का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा और मुंबई एयरपोर्ट पर कई यात्रियों को परेशान होते देखा गया।