हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने बड़ा आरोप लगाया है। अनिल विज ने कहा कि चुनाव के दौरान प्रशासन ने उन्हें हरवाने की कोशिश की और उनकी जान लेने की भी साजिश रची गई थी। बता दें कि अनिल विज अंबाला कैंट विधानसभा सीट से चुनाव लड़े थे और 7000 से अधिक वोटों के अंतर से जीते थे। एक कार्यक्रम के दौरान अनिल विज ने कहा प्रशासन ने सारा जोर लगाया कि अनिल विज हार जाए।
अनिल विज ने कहा कि मुझे यहां का प्रशासन हरवाना चाहता था और यह किसके कहने पर किया गया, वह जांच का विषय है। उन्होंने कहा कि मैं कोई सीधा आरोप नहीं लगा रहा लेकिन कोशिश की गई कि खून खराब हो जाए और अनिल विज की जान चली जाए, ताकि चुनाव बर्बाद हो जाए।
बता दें कि अनिल विज हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान सुर्खियों में रहे। उन्होंने वोटिंग के दिन ही मुख्यमंत्री बनने का दावा कर दिया था। अनिल विज ने यहां तक कह दिया था कि पार्टी में मैं सबसे सीनियर हूं और अगर पार्टी चाहेगी तो अगली मुलाकात मुख्यमंत्री आवास पर होगी।
खट्टर को BJP ने CM पद से क्यों हटाया? अनिल विज ने बताई बड़ी वजह
जब हरियाणा में मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में भाजपा की सरकार थी, तब अनिल विज ताकतवर मंत्री हुआ करते थे। वह राज्य के गृह मंत्री भी थे। हालांकि जब नेतृत्व परिवर्तन हुआ और नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाया गया, तब अनिल विज नाराज हो गए थे। उस दौरान भी अनिल विज को शपथ के लिए आमंत्रित किया गया था लेकिन उन्होंने शपथ नहीं ली थी। इसके बाद जब हरियाणा में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनी तब अनिल विज को फिर से मंत्री बनाया गया है। लेकिन गृह मंत्रालय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने पास ही रखा।
