मतदान हर भारतीय नागरिक का अधिकार है। इस अधिकार का प्रयोग हर भारतीय को करना चाहिए क्योंकि हर किसी का मत इस देश के विकास में महत्वपूर्ण होता है। जो भारतीय निर्वाचन को और मजबूत करता है। इसको लेकर जवान हो या बूढ़े हर किसी अपनी उत्सुकता होती है। इसी तरह की उत्सुकता हरियाणा के सरदार सुजान सिंह को भी है। वो इस समय 103 साल के भले हो गए हो लेकिन उनका जोश आज भी पुराने दिनों की तरह बरकरार है। 1 अक्टूबर को होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव का वो बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

हरियाणा विधानसभा के चुनावों का ऐलान हो गया है। आगामी 1 अक्टूबर को प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर वोटिंग होनी है। इसको लेकर हरियाणा के करनाल जिले में स्थित असंध विधानसभा के रहने वाले सरदार सुजान सिंह लोगों के लिए प्रेरणा बन रहे हैं। 103 साल में भी वोटिंग को लेकर उनके इस जुनून को देखकर युवा भी अपने अंदाज में नजर आ रहे हैं।

सुजान सिंह पूरी तरह फिट

सरदार सुजान सिंह ने हाल में में अपना 103वां जन्मदिन मनाया। 16 अगस्त 1922 को जन्मे सुजान सिंह 1944 में भारतीय नौसेना में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने भारत माता की करीब 24 साल सेवा की। गोवा को पुर्तगालियों से आजाद करवाने में भी सुजान सिंह के योगदान को महत्वपूर्ण माना जाता है। वो नौसेना में चीफ मैकेनिकल इंजीनियर थे। 103 साल के होने के बावजूद उनकी दिनचर्या का हर कोई दीवाना है। इलाके के लोग उनकी दिनचर्या से सीखते हैं। वो सुबह शाम घूमने के लिए जाते हैं। जिसकी वजह से वो पूरी तरह से फिट हैं।

हरियाणा में 10 हजार से ज्यादा 100 वर्ष से अधिक उम्र के वोटर

सरदार सुजान सिंह करनाल में रहते हैं। असंध विधानसभा की शेखपुरा मंचुरी में ये अपना वोट डालते हैं। वो हर चुनाव को लेकर उत्साहित रहते हैं। बीते लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने मतदान किया था और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भी वो उत्साहित हैं। निर्वाचन आयोग की मानें तो पूरे हरियाणा में 100 साल से अधिक उम्र के वोटरों की संख्या 10 हजार से अधिक है। इसमें 103 साल के सुजान सिंह भी शामिल हैं।