गुजरात में कांग्रेस छोड़ चुके विधायक अल्पेश ठाकोर ने दावा किया है कि प्रदेश में 15 से ज्यादा कांग्रेसी विधायक पार्टी छोड़ने वाले हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में हर कोई नाराज और असंतुष्ट है। अल्पेश ठाकोर ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा, ‘यह हमारा फैसला था। यह मेरी अंतरात्मा की आवाज थी कि हम यहां (कांग्रेस) नहीं रहना चाहते। हम सरकार की मदद से अपने लोगों और गरीबों की मदद करना चाहते हैं।’ पाटन जिले के राधनपुर से विधायक ठाकोर ने आगे कहा, ‘देखो और इंतजार करो। 15 से ज्यादा कांग्रेसी विधायक पार्टी छोड़ने वाले हैं। हर कोई असंतुष्ट है। कांग्रेस के आधे से ज्यादा परेशान हैं।’ ठाकोर ने कहा, ‘मेरे लोग गरीब और पिछड़े हैं। उन्हें सरकार के समर्थन की जरुरत है। मैं परेशान था कि मैं अपने लोगों को वह नहीं दे सका, जो मैंने इरादा किया था। मेरा संगठन उनकी राय है कि हमें वहां नहीं होना चाहिए जहां हमारा सम्मान नहीं है और जहां उनके अधिकारों के लिए कोई बात नहीं होती।’

साल 2017 के गुजरात विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अल्पेश ठाकोर कांग्रेस में शामिल हुए थे। कांग्रेस के टिकट पर ही वो राधनपुर से विधायक चुने गए। हालांकि बीती दस अप्रैल को उन्होंने यह कहते हुए पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया कि उनके समुदाय को कांग्रेस से अपमान और धोखा मिला है। गौरतलब है कि बीते कई घंटों से ओबीसी नेता अल्पेश ठाकोर के भाजपा में शामिल होने की चर्चा है। उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलों को मीडिया गलियारों में जगह उस समय मिली जब उन्होंने सोमवार को गुजरात के उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल से गांधीनगर स्थित उनके आवास पर मुलाकात की।

इंडियन एक्सप्रेस में छपी खबर के मुताबिक सोमवार (27 मई, 2019) को दोनों नेताओं की बीच यह बैठक करीब एक घंटा तक चली। इस दौरान उनके साथ बायड क्षेत्र से कांग्रेस विधायक धवलसिंह ठाकोर भी मौजूद रहे। हालांकि भाजपा प्रवक्ता प्रशांत वाला ने ठाकोर के पार्टी में शामिल होने से साफ इनकार किया। उन्होंने बताया, ‘मुलाकात के राजनीतिक मायने नहीं है। इसमें उनके क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर चर्चा हुई।’ प्रदेश के डिप्टी सीएम ने नितिन पटेल ने भी उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलों से साफ इनकार किया था।