जून में शुरू हो रहे नए शिक्षा सत्र में बच्चों को पढ़ाई जाने वाली किताबों में देशभक्ति, भारत माता और भारतीय संस्कृति को जगह दी जाएगी। 9वीं और 11वीं की हिंदी लैंग्वेज फर्स्ट और हिंदी लैंग्वेज सेकेंड की किताब में गुजरात स्टेट स्कूल टैक्स्टबुक बोर्ड (GSSTB) ‘मनुष्य तू बंदा महान है’ गीत को शामिल करेगा। यह गीत आरएसएस की शाखाओं में गाया जाता है। इस गीत को पंडित भारत व्यास ने लिखा है। इसके अलावा किताबों में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपाई का लिखा गीत ‘कदम मिलाकर चलना होगा’ को भी शामिल किया जाएगा।

Read Also: BSEB Bihar Board Result 2016: 10 मई को आ सकते हैं 12वीं के नतीजे, biharboard.ac.in पर देखें

हालांकि GSSTB भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की आत्मकथा के एक चैप्टर को भी पाठ्यक्रम में शामिल करेगा। इस चैप्टर में नेहरू ने रोहतक (हरियाणा) के किसानों से भारत माता की जय के बारे में व्याख्या की है। गौरतलब है कि हाल ही में राजस्थान बोर्ड की किताबों से जवाहरलाल नेहरू संबंधित हिस्सों को कम कर दिया गया था। GSSTB के चेयरमैन नितिन पेठानी ने कहा, “इस बार हमने छात्रों में देशभक्ति की भावना निहित करने का प्रयास किया है… हमने इसे साहित्य के माध्यम से बहुत प्रभावी तरीके से किया है… इससे युवा पीढ़ी में देश प्रेम की भावना पैदा होगी जो कि धीरे-धीरे कम हो रही है।”