गुजरात के वडोदरा में कांग्रेस नेता शंकर सिंह वाघेला को एक पोस्टर में मुख्यमंत्री उम्मीदवार दिखाए जाने के एक दिन बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा है कि वह किसी तरह की रेस में शामिल नहीं हैं। उन्होंने इस तरह के पोस्टर के लिए भाजपा को जिम्मेदार बताया और पुलिस जांच की मांग की। यह होर्डिंग्स मंगलवार को दिखाई दिए, जिसमें गुजराती भाषा में लिखा हुआ था। इसपर लिखा था, “जय जय गर्वी गुजरात। चाहे भाजपा हो या कांग्रेस, 2017 गुजरात विधानसभा में सरकार तो बापू (वाघेला) की ही बनेगी। सबके विकास के लिए बापू की सरकार। शुभचिंतक, गुजराती होने पर गर्व है।”
कांग्रेस को शक है कि इसके पीछे भाजपा का हाथ है। वडोदरा से कांग्रेस नेता ने कहा कि आंतरिक जांच से पता लगा कि एक कॉन्ट्रेक्टर ने शहर में सात जगहों पर यह होर्डिंग लगाए हैं। वडोदरा सिटी कांग्रेस ने पुलिस में इसकी शिकायत की है और होर्डिंग को राज्य में राजनीतिक हालात बिगाड़ने वाला बताया। कांग्रेस प्रवक्ता निलेश ब्रह्मभट्ट ने कहा, “हमने पता लगाया है कि होर्डिंग एक लोकल कॉन्ट्रेक्टर ने लगाए है। पूछताछ की तो उसने हमें एक लेटर दिखाया जिसमें एक संगठन ने शहर की अलग-अलग जगहों पर होर्डिंग लगाने के आदेश दिए गए थे। इस संगठन से जुड़े लोगों के बारे में फिलहाल जानकारी नहीं मिल पाई है। हो सकता है इसमें भाजपा का हाथ हो।”
वडोदरा शहर के भाजपा अध्यक्ष और सांसद रंजन भट्ट ने कहा, “भाजपा इस तरह की हरकत नहीं करती। यह हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं की संस्कृति में नहीं है। यह उन्हीं की पार्टी के किसी व्यक्ति ने कराया होगा।” कांग्रेस के गुजरात मामलों के प्रभारी महासचिव अशोक गहलोत ने कहा कि पार्टी गुजरात में इस साल के आखिर में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव से पहले किसी को मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में पेश नहीं करेगी। गहलोत ने कार्यसमिति की बैठक में कहा, ‘‘हम पिछले 22 साल से राज्य में सत्ता से बाहर हैं। मीडिया में अटकलें हैं कि मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार किसे घोषित किया जाएगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पहले हम मिलकर सत्ता फिर से हासिल करें उसके बाद आलाकमान तय करेगा कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा।’’
