गुजरात के फेमस कार्डियोलॉजिस्ट डॉक्टर गौरव गांधी का 41 साल की उम्र में निधन हो गया है। मंगलवार (6 जून) सुबह उनका हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनके परिवार के सदस्यों और एक सहयोगी ने इस बात की जानकारी दी है। डॉ गांधी गुरु गोविंद सिंह सरकारी अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, जामनगर के जाने-माने कार्डियोलाजिस्ट डॉ गौरव गांधी ने हर रोज की तरह सोमवार रात को भी मरीजों का चेक-अप किया था। उनके व्यवहार में किसी तरह का कोई परिवर्तन नहीं था। यहां तक कि उनका स्वास्थ्य भी पूरी तरह ठीक था।
41 साल की उम्र में हार्ट अटैक से हुआ निधन
डॉ गौरव गांधी के रिश्तेदारों के मुताबिक, सोमवार की रात गौरव एक निजी शारदा अस्पताल से मरीजों को देखने के बाद पैलेस रोड स्थित अपने घर पहुंचे थे। वहां वह प्रैक्टिस करते थे। रात में उन्होंने खाना खाया और सोने चले गए। सुबह जब उनके परिजनों ने देखा तो डॉ गौरव बेसुध पड़े हुए थे। परिवारवालों ने तुरंत एंबुलेंस को फोन किया और जीजी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उन्हें होश में लाने की पूरी कोशिश की लेकिन सफलता नहीं हासिल कर सके और उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हुई है। डॉ गौरव के घर पर बूढ़े माता-पिता, पत्नी और दो बच्चे हैं।
सैकड़ों लोगों की हार्ट सर्जरी की
डॉक्टर गौरव गांधी बेहद प्रतिभावान कॉर्डियोलाजिस्ट थे। 41 साल के डॉ. गौरव गांधी ने अपने मेडिकल करियर में सैकड़ों लोगों की हार्ट सर्जरी की थी। उनके निधन के बाद से जामनगर के चिकित्सकों में शोक का माहौल है। डॉक्टर गौरव गांधी जामनगर के मूल निवासी थे। उनका जन्म 29 अक्टूबर 1982 को हुआ था।
डॉक्टर गौरव गांधी ने जामनगर के एमपी शाह मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस और एमडी की पढ़ाई की थी। इसके बाद वे डीएम कॉर्डियोलॉजी की पढ़ाई के लिए अहमदाबाद गए। पढ़ाई पूरी करने के बाद वे वापस अपने गृहनगर जामनगर लौट आए और वहीं से अपने चिकित्सा पेशे की शुरुआत की। उनकी पत्नी देवांशी भी डैंटिस्ट हैं। डॉ गौरव की एक दस साल की बेटी और पांच साल का बेटा भी है।