गुजरात के गोंडल में अंडरपास के नीचे जलभराव में बस फंसने पर यात्री बाल बाल बच गये। गुजरात राज्य परिवहन निगम की राजकोट-पावागढ़ रुट पर चलने वाली बस गुरुवार को अचानक भारी बारिश के कारण उमवाड़ा पुल के नीचे पानी में डूब गयी। घटना के वक्त बस में करीब 20 यात्री सवार थे। हालांकि सभी यात्रियों को स्थानीय निवासियों की मदद से सुरक्षित निकाल लिया गया है। घटना स्थल पर किसी के हतातत होने की सूचना नहीं है। कुछ यात्री जान बचाने के लिए बस की छत पर चढ़ गए। वहीं कई यात्री छाती भर पानी में किसी तरह से वहां से बाहर निकले।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले दो दिनों में गोंडल में 100 मिमी. बारिश दर्ज की गई है। बारिश अभी तक थमी नहीं है। लगातार बारिश होने के कारण , पानी का निकलना मुश्किल हो रहा है। इसी पुल के नीचे दोपहर को एक एम्बुलेंस भी फंस गयी थी। सौराष्ट्र के राजकोट,गिर,सोमनाथ,जूनागढ़ ,अमरेली ,भावनगर आदि इलाकों में बुधवार से भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने रविवार तक इसी प्रकार की तेज बारिश की आशंका जताई है। लगातार होती बारिश ने राजकोट नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी है। निगम ने बरसात के शुरू होने से पहले जो भी तैयारियाँ की थी वो खोखली साबित हो रही हैं।
दिल्ली में बारिश से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें तुगलकाबाद अंडरपास को पार करने के लिए लोग बैलगाड़ी तक का सहारा लेते दिख रहे हैं। पार करते हुए बैलगाड़ी पर सवाल लोगों का संतुलन बिगड़ जाता जिससे कई लोग पानी मे गिर जाते हैं। वीडियो को लोग सोशल मीडिया पर खूब शेयर कर रहे हैं। मालूम हो कि दिल्ली एनसीआर में बुधवार रात से आज दिन भर रुक-रुक कर हो रही बारिश से जगह-जगह पानी भर गया। मौसम विभाग ने बताया कि 13 अगस्त को इस सीजन की सबसे अधिक बारिश हुई है। जिसके चलते दिल्ली के कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न होगयी। सड़कें जलमग्न हो गयी हैं।
जखीरा अंडरपास के नीचे भी पानी भरने से एक कार डूब गई, ड्राइवर की जान बड़ी मुश्किल से बच पाई। दुखद घटना होते होते रह गयी। रातभर पानी बरसने से अंडरपास के नीचे सुबह तक जलभराव होगया था। जिसमें ऑटो, ट्रेक्टर और कार पानी भरने से डूब गए। दिल्ली बस निगम (डीटीसी) की एक बस में भी पानी भर गया। स्थानीय निवासियों की मदद से कार और ट्रैक्टर निकाले गए।
