मध्यप्रदेश के गुना में एक अजीब ही मामला सामने आया है। जहां लड़की के भागने पर लड़के वालों ने लड़की के भाई का ही अपहरण कर लिया।
जानकारी के अनुसार लड़की के पिता ने उसकी शादी तय कर दी। लड़की को रिश्ता मंजूर नहीं हुआ और वो घर से भाग गई।
लड़की भागने की खबर जब दूल्हे और उसके घरवालों को पता चली तो उसने होने वाले साले को ही बंधक बना दिया। लड़की के घरवाले जब अपने बच्चे को छुड़ाने गए तो उनसे कहा गया कि लड़की लेकर आओ नहीं तो झगड़ा (पैसा) दो। जब लड़के वालों ने लड़की के भाई को नहीं छोड़ा, तब पीड़ित पिता पुलिस के पास जाकर शिकायत दर्ज करवाई।
मामला मरेठिया गांव का है। लड़की के पिता बापूलाल ने बताया कि उनसे अपनी बेटी की शादी सावन भादौ गांव के फूल सिंह के लड़के से तय कर दी थी। शादी तय होते ही उसकी बेटी कहां चली गई, उसे नहीं पता। जब लड़की भागने की खबर दूल्हे पक्ष को चली तो वो लोग कुछ और लोगों के साथ उसके घर आए। जहां उन्होंने पंचायत के बहाने उसके लड़के को बुलाया और बंधक बना लिया।
इसके बाद आरोपियों ने संदेशा भिजवाया कि जबतक लड़की नहीं मिलेगी, उसके बेटे को नहीं छोड़ेगा। अगर बिना लड़की लाए बेटा चाहिए तो शादी टूटने के एवज में दिया जाने वाला पैसा (झगड़ा) दे कर जाए। अपने बेटे को छुड़ाने के लिए बाबूलाल पंचायत में भी गया लेकिन उसे वहां निराशा ही हाथ लगी। कुछ दिन बाद तो आरोपी पक्ष ने पंचायत में आना ही छोड़ दिया।
जिसके बाद बाबूलाल पुलिस की शरण में पहुंचा। पुलिस ने सावन-भादौ गांव में दबिश देकर बंधक लड़के को छुड़ा लिया। इसके बाद इस मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मध्यप्रदेश के गुना इलाके में झगड़ा प्रथा का अभी भी जारी है। झगड़ा प्रथा में गलती किसी की भी हो भुगतना लड़की पक्ष वाले को ही पड़ता है। किसी कारणवश अगर शादी टूट जाती है तो लड़की वालों को झगड़े (पैसे) का भुगतान करना पड़ता है। पैसा नहीं देने पर लड़के वाले जमकर उत्पात मचाते हैं। ऐसे मामलों में पंचायत भी लड़के वालों के पक्ष में ही फैसला सुनाती है।