यहां सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में पढ़ने वाली एक स्टूडेंट के आगरा की रहने वाली 25 साल की महिला से ‘शादी’ करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि कम्प्यूटर साइंस के फाइनल ईयर की इस स्टूडेंट ने चार जनवरी को घर छोड़ दिया था। 15 जनवरी को लड़की के पिता ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया था।
पिता की शिकायत पर पुलिस ने लड़की के कॉल डिटेल्स को ट्रैक किया। पुलिस को पता चला कि लड़की आगरा के देवरी में उक्त महिला के यहां ठहरी हुई है। महिला आगरा में कॉस्मेटिक्स की दुकान चलाती है। पुलिस ने बताया कि लड़की और महिला तीन दिन पहले सारन पुलिस स्टेशन के इंचार्ज और एसडीएम के सामने पेश हुए और अपनी कथित ‘शादी’ का ‘हलफनामा’ पेश किया। पुलिस का कहना है कि देश में एक ही लिंग के लोगों की शादी कानूनी नहीं है, लेकिन चूंकि दोनों वयस्क हैं, इसलिए उन्हें साथ रहने से रोका नहीं जा सकता।