उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में जनसंख्या नियंत्रण का एजेंडा लेकर बुधवार को पहुंचे केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण कानून का विरोध करने वालों से मतदान का अधिकार छीन लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत एक ऐसा देश बन गया है जहाँ हर चीज को लोग वोट की नजर से ही देखा जाता है। गिरिराज सिंह ने कहा कि यह इस देश का दुर्भाग्य है कि इस देश के हर मुद्दे को चुनाव से जोड़ दिया जाता है। उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी समस्या है बढ़ती हुई आबादी और सामाजिक समरसता। इसके लिए प्रयास किया जा रहा है। जिस दिन देश की जनता में सहमति का वातावरण बनेगा उस दिन कानून बनेगा।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह स्वतंत्रता सेनानी भवन में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने नोएडा के पार्क में नमाज पढ़ने पर पाबन्दी लगाये जाने के सवाल पर कहा कि जो कानून आड़े आता है उसे धर्म से जोड़ दिया जाता है। कानून का पालन करना सभी का कर्तव्य है चाहे वह हिन्दू हो या मुसलमान। जरूरी नहीं है कि पार्क में ही नमाज पढ़ी जाये, नमाज पढनी है तो घर में पढ़ें या मस्जिद में पढ़ें।
उन्होंने ओवैसी पर हमला बोलते हुए कहा कि ओवैसी जैसे लोग अपने बयानों से देश में नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं। वह पकिस्तान के इमरान खान की आवाज न बनें, जो पाकिस्तान बोल रहा है वह न बोलें। पाकिस्तान में 22 से 23 प्रतिशत हिन्दू गए थे। आज एक प्रतिशत से नीचे हैं। पाकिस्तान में सैकड़ों मंदिर ढह गए वहीं भारत में लाखों मस्जिद बन गए। हम तो प्यार से गले लगे हुए हैं लेकिन ओवैसी अपने बयान देकर देश में नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं।
बता दें कि गिरिराज सिंह का यह बयान ऐसे समय में आया है जबकि हालही में पुलिस ने कुछ मुसलमानों को नॉएडा पार्क में नमाज पढ़ने से रोका था। वहीं ग्रेटर नॉएडा अथॉरिटी ने स्थानीय लोगों की शिकायत पर अथॉरिटी कि जमीं पर हो रहे भागवत कथा के आयोजन को रुकवा दिया था। (आईएएनएस इनपुट्स के साथ)