उत्तर प्रदेश के हर जनपद में ‘गांधी उपवन’ व ‘पंचवटी वाटिका’ तैयार की जाएंगी। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह घोषणा की। लखनऊ के जैतीखेड़ा में 22 करोड़ पौधारोपण के अभियान की शुरुआत की गई, मुख्यमंत्री ने बरगद का पौधा लगाकर इस अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार 100 वर्ष से पुराने पेड़ों का अध्ययन कराएगी और इन पेड़ों को हेरिटेज पेड़ का दर्जा देगी। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वन है तो जल है और जल है तो कल यानी जीवन है। इसलिए राज्य सरकार वृक्षारोपण को एक आंदोलन का रूप देने को संकल्पबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी वर्ष में सरकार ने 25 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक – एक जगह वृक्ष लगाने की जो कार्रवाई हो रही है, उसे डिजिटल मैपिंग की जा रही है। इसके अतिरिक्त इसे पौधारोपण अभियान को साथ ही जियो टैगिंग की भी व्यवस्था जोड़ा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद, राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाकउल्लाह खां आदि देश भक्तों के नाम पर वाटिका लगानी चाहिए। हर जनपद में गांधी उपवन व पंचवटी वाटिका तैयार की जाएंगी। कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चुनाव में जिस तरह सेक्टर और जोनल स्तर पर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए जाते हैं, उसी तरह सरकार ने पूरे प्रदेश में सेक्टर, जिला स्तर पर वृक्षारोपण की जिम्मेदारी दी है और इसकी जवाबदेही तय की है।

दूसरी तरफ इलाहाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने आज तीन रिकार्ड बनाए हैं। इनमें पहला रिकार्ड, प्रथम एक घंटे में सुबह 9 से 10 बजे के बीच में पांच करोड़ पौधा रोपण का है। दूसरा रिकार्ड प्रदेश के अंदर एक स्थान पर राज्यपाल महोदया की उपस्थिति में कासगंज में 1,01,000 वृक्षों का रोपण किया गया और तीसरा रिकार्ड प्रयागराज में एक निश्चित समय में 66,000 पौधों का वितरण करने का रिकार्ड शामिल है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने वन विभाग को कहा है कि 100 वर्ष से अधिक पुराने वृक्षों को हेरिटेज ट्री घोषित करने के आदेश दिए हैं। इनके काटने पर भी रोक लगाई है। प्रयागराज का अक्षयवट इनमें से एक है। इसी तरह से बाराबंकी में 5000 साल पुराना कल्पवृक्ष मौजूद है। इस बीच गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड की ओर से स्वप्निल डांगरेकर ने प्रयागराज में 66,000 पौधों के वितरण का विश्व रिकार्ड बनाए जाने की औपचारिक घोषणा की।