पूर्व केन्द्रीय मंत्री तथा राजद के वरिष्ठ नेता रघुनाथ झा का नई दिल्ली स्थित एक अस्पताल में सोमवार को निधन हो गया। रघुनाथ झा के बेटे और दो बार राजद पार्टी से विधायक रहे अजित कुमार झा ने बताया कि बीती देर रात करीब डेढ़ बजे उनके पिता रघुनाथ झा ने दिल्ली स्थित राम मनोहर लोहिया अस्पताल में अंतिम सांसें लीं। वह 79 वर्ष के थे। उनके परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रघुनाथ झा के निधन पर गहरा शोक एवं दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि वह एक कुशल राजनेता एवं कर्मठ समाजसेवी थे। उनके निधन से न केवल राजनीतिक बल्कि सामाजिक क्षेत्रों में भी अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने दिवंगत रघुनाथ झा का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ कराए जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों, अनुयायियों एवं प्रशंसकों को दु:ख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

रघुनाथ झा के बेटे अजित कुमार झा ने बताया कि उनके पिता का अंतिम संस्कार मंगलवार को शिवहर जिला के पिपराही प्रखंड स्थित उनके पैतृक गांव अंबा में किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने रघुनाथ झा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सुशील ने रघुनाथ झा के निधन को बिहार की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति एवं उनके समर्थकों, परिजनों को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की। राजद प्रमुख लालू प्रसाद की पत्नी एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री एवं विधायक तेजप्रताप यादव एवं राज्यसभा सांसद मीसा भारती ने रघुनाथ झा के निधन पर गहरा शोक जताया है।

राबड़ी ने राघुनाथ झा के निधन को राजद परिवार के साथ साथ उनके परिवार के लिए भी व्यक्तिगत क्षति बताया। उन्होंने कहा, ‘‘उनका संबंध हमारे पूरे परिवार से काफी गहरा था। वह सदा से हम लोगों के हितैशी रहे।’’ राबड़ी ने कहा कि रघुनाथ झा की सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में काफी गहरी पैठ थी। सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता के आदर्श को मजबूत करने में उनकी बड़ी भूमिका रही। ईश्वर उनकी आत्मा को चिर शांति दे और परिजनों को इस शोक को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

रघुनाथ झा का 37 वर्षों का संसदीय जीवन रहा। वह लगातार छह बार शिवहर से विधायक और दो बार क्रमश: गोपालगंज एवं बेतिया से सांसद रहे। रघुनाथ झा बिहार सरकार में डेढ़ दर्जन से अधिक विभागों के मंत्री रहे थे। इसके अलावा वह केन्द्र में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार में भारी उद्योग राज्यमंत्री रहे थे। रघुनाथ झा जनता दल के गठन के बाद उसके प्रथम प्रदेश अध्यक्ष के साथ साथ पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर नीत सजपा और समता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रहे थे। वर्ष 1990 में लालू प्रसाद को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी।