लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर गुरुवार रात इंडिगो एयरलाइन की फ्लाइट उड़ान भरने के लिए तैयार थी। फ्लाइट के टेकऑफ से ठीक पहले अनाउंसमेंट कर यात्रियों को प्लेन से बाहर निकलने को कहा गया। विमान के निरस्त होने की सूचना से यात्रियों में खलबली मच गई। जानकारी के मुताबिक इंडिगो की फ्लाइट को 21:45 में पुणे के लिए रवाना करना था। वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट 21:55 बजे दुबई के लिए उड़ान भरने वाली थी। अचानक फ्लाइट निरस्त करने पर यात्रियों ने खूब हंगामा किया।
प्लेन से उतरने को तैयार नहीं हुए यात्री
अचानक फ्लाइट कैंसिल होने के कारण यात्री विमान से उतरने को तैयार नहीं हो रहे थे। यात्रियों का कहना था, सब बहुत जरूरी काम से बाहर जा रहे थे। उनको पहले इन्फॉर्म करना चाहिए था। फ्लाइट रद्द होने के बाद एयर इंडिया के यात्रियों को इंटरनेशनल टर्मिनल और पुणे जाने वाली फ्लाइट के यात्रियों को डोमेस्टिक टर्मिनल 3 ले जाया गया। इनमें से कई यात्रियों के पास दूसरा कोई विकल्प नहीं बचा था। उड़ान निरस्त होने के पीछे यात्रियों को रनवे बंद होने का हवाला दिया गया।
यात्रियों से कहा गया कि रात में रनवे से कोई फ्लाइट टेकऑफ नहीं कर सकती है। दूसरी तरफ दुबई में भी बारिश और खराब मौसम का हवाला दिया है। यात्रियों का कहना था कि फ्लाइट में बैठने और बोर्डिंग से पहले उन्हें रनवे बंद होने की कोई जानकारी नहीं दी गई थी। कई यात्री ऐसे भी थे जिनकी दुबई के होटल में बुकिंग भी हो चुकी थी। यात्री फ्लाइट रद्द होने और होटल की बुकिंग के पैसे वापस मांगने लगे।
जानकारी के मुताबिक इंडिगो की पुणे जाने वाली विमान में 180 यात्री थे जबकि दुबई जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस में 152 यात्री थे। बाद में लखनऊ एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि 18 अप्रैल से 11 जुलाई के बीच रनवे पर अपग्रेडेशन का काम चल रहा है। इसलिए विमानों को 10 से 15 मिनट की ही ढिलाई दी जा रही है। हालाँकि, एयरपोर्ट प्रशासन ने यह स्वीकार किया कि उन्होंने पहले इसकी जानकारी नहीं दी थी।