MSP की कानूनी गारंटी समेत विभिन्न मांगों को स्वीकार करने को लेकर सरकार पर दबाव बनाने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा ने शुक्रवार को ‘भारत बंद’ का आह्वान किया था। जिसके चलते पंजाब में सड़कों से बसें नदारद रहीं और यात्रियों को काफी असुविधा हुई। किसान आंदोलन के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में 6 महीने के लिए हड़ताल पर पाबंदी लगा दी है। यह नियम राज्य सरकार के अधीन सरकारी विभागों, निगम और प्राधिकरण पर लागू रहेगा।
अपर मुख्य सचिव कार्मिश डॉ देवेश चतुर्वेदी ने इस संबंध में नॉटिफिकेशन जारी किया है। इस नॉटिफिकेशन में कहा गया है कि एस्मा एक्ट लगने के बाद भी अगर कोई कर्मचारी हड़ताल या प्रदर्शन करते पाया जाता है, तो हड़ताल करने वालों को एक्ट उल्लंघन के आरोप में बिना वॉरंट के गिरफ्तार किया जाएगा।
देश की सुरक्षा और कानून में पुलिस की अहम भूमिका- सीएम योगी
एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून व्यवस्था और सुरक्षा का बेहतर माहौल बनाने में पुलिस के विभिन्न बलों की अति महत्वपूर्ण भूमिका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पब्लिक परसेप्शन तय करने में भी पुलिस बल का अहम रोल है और उन्हें यह धारणा बनाने में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। इसके लिये उन्हें दोहरी मानसिकता के साथ काम करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि पुलिस बल असामाजिक तत्वों के साथ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अपने काम को अंजाम तक पहुंचाते हैं जबकि आम आदमी के गुहार लगाने पर संवाद स्थापित कर उन्हें न्याय दिलाते हैं। उन्होंने कहा कि इससे आम आदमी के मन में एक नया विश्वास पैदा होता है। साथ ही यह पुलिस बल की संवेदनशीलता को भी दर्शाता है।
पंजाब-हरियाणा में किसानों का भारत बंद
गौरतलब है कि पंजाब में कई स्थानों पर बाजार और दुकान भी बंद रहे। किसानों ने कई स्थानों पर प्रदर्शन किया और पठानकोट, तरनतारन, बठिंडा और जालंधर में हाइवे को अवरुद्ध कर दिया। उन्होंने अपनी मांगें नहीं मानने के लिए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हरियाणा के हिसार में, हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों ने ‘भारत बंद’ का समर्थन किया, जिसके चलते बस सेवाएं ठप रहीं। भारतीय किसान यूनियन के सदस्यों ने हरियाणा के कई टोल प्लाजा पर धरना दिया और अधिकारियों पर यात्रियों से टोल टैक्स न वसूलने के लिए दबाव डाला।