लोकसभा क्षेत्र में जैसे-जैसे मतदान की नजदीक आ रही है चुनाव प्रचार जोर पकड़ रहा है। फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी ने सांसद लल्लू सिंह को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस से डॉ निर्मल खत्री मैदान में हैं। वे दो बार सांसद रह चुके हैं। गठबंधन की तरफ से समाजवादी पार्टी के आनंद सेन यादव उम्मीदवार हैं। वे पूर्व सांसद दिवंगत मित्रसेन यादव के पुत्र हैं। वे भी विधायक और मंत्री रह चुके हैं। निर्दल प्रत्याशी में सेवानिवृत्त आईएएस विजय शंकर पांडे छह महीने से भ्रष्टाचार मिटाने को लेकर नुक्कड़ सभा तथा आम लोगों से चौपाल लगाकर बातचीत कर रहे हैं।
राम मंदिर आंदोलन की शुरुआत के बाद से फैजाबाद में होने वाले हर चुनाव में राम मंदिर मुद्दा प्रमुखता से उठता रहा है जो इस बार नहीं दिख रहा है। भाजपा उम्मीदवार लल्लू सिंह खुद नरेंद्र मोदी को पुन: प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट मांग रहे हैं तथा राष्ट्रवाद पर भाषण कर रहे हैं। यानी राष्ट्रवाद के आगे राम मंदिर मुद्दे को इस बार भाजपा ने भुला दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को यहां जनसभा की। इससे पहले भाजपा के पक्ष में अपना दल की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल अरथुना में भाषण कर चुकी हैं। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ महेंद्र सिंह रुदौली में सभा कर चुके हैं। इन दोनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने की अपील की।
निर्दल उम्मीदवार सेवानिवृत्त आइएएस अफसर विजयशंकर पांडे बड़ी दमदारी के साथ चुनाव मैदान में हैं। वे फैजाबाद में सात महीने से किराए का मकान लेकर रह रहे हैं। पांडे फैजाबाद में जिलाधिकारी भी रह चुके हैं। उनकी नियुक्ति ढांचा ढहाने के बाद 7 दिसंबर 1992 को की गई थी। अयोध्या साधु-संतों की नगरी है। ऐसे में संतों का भी इस चुनाव में बंटवारा दिख रहा है। गेरुआ वस्त्रधारी रामभद्र दास का कहना है कि अयोध्या में दो प्रकार के साधु संत हैं। इनमें एक सुता थारी तथा दूसरी जनेऊ धारी हैं। ये साधु-संत शुरू से ही राम मंदिर बनाने के नाम पर मतदान करते थे लेकिन इस बार यह मुद्दा ही नहीं है। इसलिए संत बंटे हुए दिखाई दे रहे हैं। अयोध्या के विधायक वेद प्रकाश गुप्ता का कहना है कि हम लोकसभा का चुनाव विधानसभा चुनाव के अंतराल से दुगने वोट से जीतेंगे। बहुत अच्छा माहौल चल रहा। यहां पूर्वी सीमा पर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा की जबकि पश्चिमी सीमा पर मायावती और अखिलेश यादव ने। 2009 और 2014 में मोदी फैजाबाद शहर के जीआइसी मैदान में जनसभा कर चुके हैं और इस बार प्रधानमंत्री के रूप में 24 किलोमीटर दूर माया बाजार में उन्होंने जनसभा की और फिर कौशांबी के लिए निकल गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फैजाबाद लोकसभा में दरियाबाद विधानसभा में तीन मई को भाषण करेंगे।
कटियार तीन बार रहे सांसद: फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र में वर्ष 1991 से तीन बार विनय कटियार सांसद चुने गए थे। 1998 2004 मैं यहां से सपा-बसपा से दिवंगत मित्रसेन यादव चुनाव जीत चुके हैं। उनके पुत्र आनंद सेन यादव गठबंधन के उम्मीदवार हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता विरोधी दल रामगोविंद चौधरी पूरा बाजार में आकर जनसभा को संबोधित कर चुके हैं। कांग्रेस से पूर्व सांसद पूर्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष निर्मल खत्री उम्मीदवार हैं। डॉ खत्री 1984 तथा 2009 मैं यहां से सांसद रह चुके हैं। डॉ खत्री का चुनाव अभियान बहुत ही संगठित ढंग से चल रहा है। वे अपने 10 साल के सांसद के कार्यकाल के दौरान फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यो को पुस्तकबद्ध कर घर-घर बांट रहे हैं। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी फैजाबाद से अयोध्या तक रोड शो और हनुमानगढ़ी में पहुंचकर दर्शन पूजन भी कर चुकी हैं।