Atlas Cycles: एटलस साइकिल के पूर्व अध्यक्ष सलिल कपूर ने दिल्ली में कथित तौर पर खुद को गोली मार ली। कपूर अपने तीन मंजिला घर के ग्राउंड फ्लोर पर मृत पाए गए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना उस समय सामने आई जब परिवार के लोगों को कपूर का शव घर के अंदर खून से लथपथ मिला। उनको तुरंत अस्पताल ले जाया गया और यहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद मामल की पुलिस को जानकारी दी गई और उन्होंने फोरेंसिक टीम के साथ में मिलकर घटनास्थल पर जांच पड़ताल की और फिंगरप्रिंट भी निकाले। इतना ही नहीं वहां पर एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें उन्होंने चार से पांच लोगों के नाम बताए हैं। उन सभी पर शारीरिक और मानसिक तौर पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने कहा कि मामले की सभी एंगल से जांच की जा रही है।

कपूर की भाभी ने की थी आत्महत्या

2015 में कपूर को दिल्ली पुलिस की ईओडब्ल्यू ने 9 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया था। उन पर धोखाधड़ी के दो अलग-अलग मामलों में आरोप लगे थे। बता दें कि कपूर परिवार में ऐसी स्थिति में मौत का यह पहला मामला नहीं है। जनवरी 2020 में उनकी भाभी नताशा कपूर ने भी इसी घर में आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने एक नोट छोड़ा था जिसमें परिवार के सदस्यों से खुद का ख्याल रखने का आग्रह किया गया था, लेकिन उन्होंने यह कदम क्यों उठाया इसका कोई कारण नहीं बताया। उनके पति संजय कपूर एटलस साइकिल के जॉइंट प्रेसिडेंट थे।

‘सब कुछ कर लेना, लेकिन शादी कभी मत करना’, पत्नी और ससुराल वालों से परेशान युवक ने किया सुसाइड

एटलस साइकिल भारत में जाना मान नाम

एटलस साइकिल भारत में एक जाना माना नाम है। इस कंपनी ने अपना आखिरी प्लांट साल 2020 में बंद कर दिया था। इसका प्लांट साहिबाद में था। जब यह बंद हुआ था तो उस ही दिन विश्व साइकिल दिवस भी था। देश का यह सबसे बड़ा प्लांट साल 1989 में शुरू हुआ था। इसमें हर महीने दो लाख से ज्यादा साइकिल बनाई जाती थी।

कंपनी को साल 2014 में घाटा होना शुरू हो गया था और मालनपुर में इसका पहला प्लांट दिसंबर 2014 में बंद हो गया। इसी तरह से कंपनी का घाटा बढ़ता ही चला गया और हरियाणा के सोनीपत में इसका दूसरा प्लांट भी फरवरी 2018 में बंद हो गया। सोनीपत का यह प्लांट 1951 में जानकीदास कपूर ने लगाया था। 2014 से ही वित्तीय संकट का सामना कर रही कंपनी पिछले डेढ़ साल में बद से बदतर होती चली गई और कोरोनावायरस लॉकडाउन ने इसे और भी ज्यादा मुश्किल बना दिया।