दिल्ली से रांची के लिए उड़ान भरने वाले इंडिगो के विमान की रविवार (3 जून) को दिल्ली में ही आपात लैंडिंग करानी पड़ गई। इंडिगो एयरबस ए-320 नियो के पीडब्लू इंजन में खराबी आने के चलते ऐसा करना पड़ा। रिपोर्ट्स के मुताबिक विमान ने रांची जाने के लिए उड़ान भरी थी। दिल्ली से टेकऑफ करने के साथ ही विमान का एक इंजन हवा में खराब हो गया। इंजन खराब होने की जानकारी मिलते ही पायलेट ने इंजन बंद किया और दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय इंदिरा गांधी एयरपोर्ट (आईजीआई) पर विमान की आपात लैंडिंग कराई। इस विमान में 183 यात्री और 7 क्रू मेंबर्स को मिलाकर कुल 190 लोग सवार थे। एयरपोर्ट पर लैंडिंग कराने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाला गया।
इंडिगो की ओर से इस घटना की पुष्टि कर दी गई है। इंडिगो के प्रवक्ता का कहना है, ‘दिल्ली से रांची जा रहे 6ई-509 विमान को वापस दिल्ली में उतारा गया। उड़ान भरने के साथ ही विमान के इंजन में खराबी आ गई थी, जिसके बाद उसे बंद कर दिया गया और उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार सभी 190 लोग सुरक्षित हैं। मामले की जांच की जा रही है।’ इसके साथ ही विमान में लगे इंजन की गुणवत्ता को लेकर संदेह जताया जा रहा है।
VT-ITE Neo aircraft operating 6E-509 (Delhi-Ranchi) had an air turn back to Delhi . Crew carried out engine inflight shut down following standard industry procedure. Aircraft landed in Delhi safely with 183 passengers & 7 crew. Matter is under investigation: IndiGo Statement pic.twitter.com/7reC4QJHNS
— ANI (@ANI) June 3, 2018
इससे पहले कोलकाता से भी विमान के इंजन में खराबी के चलते उड़ान न भर पाने की खबर सामने आई थी। शनिवार को कोलकाता से पोर्ट ब्लेयर जा रहे इंडिगो के विमान के भी इंजन की खराबी की दिक्कत सामने आई थी, जिस कारण वह उड़ान नहीं भर सका था। इस विमान में भी नियो इंजन लगा हुआ था। विमान में करीब 174 यात्री सवार थे। ए 320 नियो इंजनों में तकनीक खराबी की समस्या लगातार ही सामने आ रही है। इंडिगो के विमानों में भी यही इंजन लगे हुए हैं।