यूपी के देवरिया में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। नेहाल सिंह हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया है। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। इन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना में शामिल तीन शूटर को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। 7 नवंबर को हुई घटना के बाद से ही पुलिस को इनकी तलाश थी।
बता दें कि देवरिया के सुरौली थाना क्षेत्र स्थित जद्दु परसिया के पास 7 नवंबर को शुभम सिंह उर्फ नेहाल सिंह की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसी मामले में पुलिस को जानकारी मिली कि घटना में शामिल बदमाश मरवटिया हाइडिल के पास मौजूद हैं। पुलिस ने सुबह करीब 3.30 बजे ही इलाके में दबिश दी। पुलिस ने जब इन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की तो इन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से अनुराग गुप्ता और आशीष पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने इनके पास से 1 पिस्टल और एक देसी तमंचा के साथ मोटरसाइकिल बरामद की है। इन्हें इलाज के लिए महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
नेहाल सिंह की हत्या के बाद परिजनों ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसओजी समेत चार टीमें लगाई थी। हत्यारोपियों और उनके परिजनों के फरार होने से उन्हे काफी मुश्किलें आने लगी। हत्या में शामिल बाइक सवार तीन युवकों का सीसीटीवी फुटेज मिलने से पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले। इसके बाद पुलिस ने 12 नवंबर को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
