छत्तीसगढ़ के जशपुर में जंगली हाथी ने एक किसान के घर में हमला कर दिया। यह घटना जिले के रामशमा ग्राम पंचायत के जरहाटोली गांव की है। बताया जा रहा है कि उस वक्त घर में 60 साल की बुजुर्ग महिला सो रही थी। हाथी ने उसे कुचलकर मार डाला। इस दौरान परिवार के बाकी सदस्य बेड के नीचे छिप गए और अपनी जान बचा ली।

दरअसल, बादलखोल अभ्यारण्य से भटककर एक दतैल हाथी गुरुवार (4 जुलाई) को जरहाटोली गांव में घुस आया। इस दौरान हाथी ने गांव में जमकर उत्पात मचाया और किसान एडमोन टोप्पो के घर पर हमला कर दिया। उस वक्त घर के अंदर बुजुर्ग महिला गहरी नींद में थीं। हाथी ने महिला को पैरों तले कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

National Hindi News, 04 July 2019 LIVE Updates: पढ़ें आज की बड़ी खबरें 

परिजनों ने पलंग के नीचे छिप बचाई जान : जशपुर के वन मंडल अधिकारी कृष्ण कुमार जाधव ने बताया कि हाथी के हमले के दौरान घर में एक बच्चे समेत तीन और सदस्य मौजूद थे। हाथी का उत्पात देखकर बाकी सदस्य बच्चे को साथ लेकर पलंग के नीचे छिप गए। इस वजह से हाथी उन्हें नहीं देख पाया। ऐसे में तीनों लोगों की जान बच गई। हालांकि, हाथी ने घर में रखा सारा अनाज खा लिया और घर को तहस-नहस कर दिया।

वन विभाग के अधिकारी जाधव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंच गए थे। पीड़ित परिवार को तत्कालिक आर्थिक सहायता राशि उपलब्ध करा दी गई है। वहीं, किसान के घर में हुए नुकसान का मुआवजा देने के लिए मामला दर्ज कर लिया गया है।