देश में लोकसभा चुनाव चल रहा है। राजधानी दिल्ली की सभी सातों लोकसभा सीटों पर कल यानी 25 मई को मतदान होना है। इससे पहले ही दिल्ली विश्वविद्यालय की दीवारों पर ‘बायकॉट इलेक्शन’ के स्लोगन लिखकर चुनाव के बहिष्कार की बात कही जा रही है। इसके साथ ही कई और विवादित नारे लिखे गए हैं। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। इसके साथ ही दिल्ली विश्वविद्यालय से जुड़े हुए कालेजों को बम से उड़ाने की धमकी भी मिली है।
दिल्ली विश्वविद्यालय की दीवारों पर कई विवादित नारे लिखे गए हैं। इसको लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने पुलिस में एफआईआर भी दर्ज कराई है। इसके अलावा डीयू के एफिलिएटेड श्री राम कॉलेज और श्री वेंकटेश्वर कॉलेज को अज्ञात नंबरों से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जिसको लेकर दिल्ली पुलिस ने जांच शुरू कर दिया है।
दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार दिल्ली विश्वविद्यालय के कुछ कॉलेजों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। लेकिन जांच में कुछ नहीं मिला है। वहीं पुलिस ने बताया कि ये कॉल फर्जी थी और इसमें घबराने की कोई बात नहीं है। इसके पहले दिल्ली पुलिस को नॉर्थ ब्लॉक से जुड़े पुलिस कंट्रोल रूम को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी।
नया लोकतंत्र ज्वाइन करो
दिल्ली विश्वविद्यालय की दीवारों पर नक्सलबाड़ी जिंदाबाद, चुनाव का बहिष्कार करो, मार्क्सवाद जिंदाबाद, कॉमरेड चारू जिंदाबाद समेत कई नारे लिखे गए हैं। इसके साथ ही ये भी लिखा गया है कि नए लोकतांत्रिक व्यवस्था को ज्वाइन करो।
सीसीटीवी से चेक हो फुटेज
डीयू की दीवारों पर लिखे गए इन स्लोगन को लेकर ABVP ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। इस साथ ही कहा है कि जब पूरा देश और युवा लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेना चाहता है। ऐसे में ये अलोकतांत्रित नारे लिखे गए हैं। जिन लोगों ने भी ये काम किया है उस पर दिल्ली पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए। यहां रोड पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों से फुटेज चेक करना चाहिए।