कोहरे व धुंध की परत से दृश्यता घटकर 150 मीटर रह गई। इस दौरान दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई। उत्तर रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि कोहरा आज ट्रेनों की आवाजाही को प्रभावित कर रहा है। करीब 20 ट्रेनें 15 मिनट से दो घंटे की देरी से चल रही हैं। ऐसी स्थिति में गति प्रतिबंध लगाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि यात्रियों को घोषणाओं और अन्य माध्यमों से बदले समय-सारणी के बारे में सूचित किया जा रहा है। हालांकि, हवाईअड्डे के एक अधिकारी ने कहा कि उड़ान परिचालन प्रभावित नहीं हुआ है। मौसम विभाग ने कहा है कि कोहरे से ट्रेनों के परिचालन में संभावित देरी, उनके मार्ग में परिवर्तन और परिचालन रद्द किए जाने की आशंका है। उड़ान में देरी और उनके रद्द होने से हवाई अड्डे का संचालन प्रभावित होने की संभावना है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि उपग्रहीय तस्वीरों में पंजाब से लेकर हरियाणा, दिल्ली व पूर्वी उत्तर प्रदेश तक कोहरे की मोटी परत दिखाई दे रही है। विभाग के अनुसार, दृश्यता 0 और 50 मीटर के बीच ‘बहुत घना’, 51 और 200 ‘घना’, 201 और 500 ‘मध्यम’ व 501 और 1,000 ‘हल्का’ कोहरा होता है। राजधानी के मानक मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो औसत से एक डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान औसत से एक डिग्री नीचे रहा। विभाग ने कहा है कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) के साथ प्रदूषण का स्तर सुबह 11 बजे 409 दर्ज किया गया।