Delhi Assembly Elections 2020: चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) ने जनता को बिजली, पानी, बस सफर जैसी अनेक मुफ्त योजनाएं दी है। ये योजनाएं आम आदमी पार्टी का सबसे बड़ा हथियार है। इन योजनाओं की बदौलत ही आम आदमी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की घेराबंद कर रही है। इन योजनाओं को लेकर भाजपा के घोषणापत्र में मूक सहमति नजर आई है। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में बड़े ही सधे हुए अंदाज में इन योजनाओं को लगू करने की बात कही है। संकल्प पत्र में कहा गया है कि दिल्ली सरकार द्वारा 6 माह में लागू की गईं योजनाएं भाजपा सरकार बनने के 5 वर्ष के कार्यकाल तक लागू रहेंगी। इससे हर परिवार को लाभ होगा क्योंकि इन योजनाओं का पूरे 60 माह संयोजित तरीके से वितरण होगा।
बिजली पानी की मुफ्त योजना आम आदमी पार्टी लेकर आई थी। इन योजनाओं का लाभ गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों को मिला है। यह ‘आप’ का बड़ा वोट बैंक भी बना है। इस योजना के तहत ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने दिल्ली वालों को पांच गुना राहत देने का ऐलान कर दिया था। इसे ‘आप’ ने मुद्दा बनाया था और कहा था कि इसका मतलब भाजपा सत्ता में आने के बाद 200 यूनिट की जगह 1000 यूनिट और 20 हजार लीटर की जगह एक लाख लीटर पानी मुफ्त देगी। इसके वार-पलटवार के बाद भाजपा ने अपनी रणनीति में बदलाव किया था। अपने पहले चुनाव में भी आम आदमी पार्टी ने बिजली-पानी को ही बड़ा हथियार बनाया था। अरविंद केजरीवाल ने खुद बिजली के कनेक्शन काटे थे और फूंक मारकर चलने वाले पानी के मीटर भी जनता को दिखाएं थे। यह मूक सहमति आने वाले दिनों में भाजपा व ‘आप’ के बीच बड़ा राजनीतिक घमासान शुरू करेगी।
ई-रिक्शा चालकों के लिए मुफ्त बीमा योजना
भाजपा सत्ता में आने के बाद ई रिक्शा चालकों के लिए मुफ्त बीमा योजना लेकर आएगी। इसके अतिरिक्त 15 साल पुराने हो चुके आॅटो के चालकों को नए ऑटो खरीदने के लिए भी रियायत देगी। इसके अतिरिक्त ई रिक्शा के लिए किया जाना वाला नवीनीकरण भी एक वर्ष की जगह तीन वर्ष बाद किया जाएगा। इस समय लाखों की संख्या में ई रिक्शा दौड़ रहे हैं। इन्हें भाजपा से जोड़ने के लिए यह पहल की गई है।
सीलिंग से राहत देगी प्रतिमाह पेंशन योजना
दिल्ली में सीलिंग की मार झेल चुके व्यापारियों को भाजपा प्रति माह पेंशन देने की भी योजना लाई है। इससे भाजपा कारोबारियों की नाराजगी को दूर करना चाहती है। इस योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु वाले कारोबारियों को प्रति माह 3000 रुपए की पेंशन दी जाएगी। यह पहल लघु व्यापारी मानधन योजना के तहत होगी।
पार्टी छोड़ चुके नेता भी संकल्प समिति सदस्य
भाजपा ने संकल्प पत्र बनाने के लिए एक विशेष समिति का गठन किया था। इस समिति के अध्यक्ष डॉ. हषवर्धन थे और उनके सात अन्य सहयोगी थे। इनमें विजेंद्र गुप्ता, आरती मेहरा, राम वीर सिंह बिधूड़ी, रजनी अब्बी, कपिल मिश्रा, सत प्रकाश राणा और राजकुमार चौहान शामिल थे। राजकुमार चौहान कांग्रेस से भाजपा में आए थे। लम्बे समय तक उन्होंने पार्टी के टिकट के लिए कोशिश की थी। टिकट बंटवारे से नाराज होकर राजकुमार चौहान वापस कांग्रेस में चले गए थे। इनका नाम भी भाजपा ने संकल्प पत्र में शामिल किया है।