दिल्ली के फतेहपुर बेरी इलाके में पुलिस की टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। दिल्ली पुलिस की टीम सोमवार को फतेहपुर बेरी इलाके के चंदन होला गांव में आजम नाम के एक शख्स को पकड़ने के लिए पहुंची थी। आजम के खिलाफ गैर जमानती वारंट था।
पुलिस की टीम को देखकर आजम ने अपने रिश्तेदारों के साथ पुलिस पर हमला कर दिया। हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिल्ली में स्कूटी चलाती हुई लड़कियों से छेड़खानी करता था सुरक्षा गार्ड
हमले में घायल पुलिस कर्मियों के बयान के आधार पर आजम और हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
आजम का है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने बताया कि सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे एक टीम फतेहपुर बेरी थाने में दर्ज एक मामले में आजम नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने गई थी। यह मामला भी सरकारी कर्मचारियों पर हमले के आरोप में दर्ज किया गया था। पुलिस ने कहा कि उनके पास आजम के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) है और आजम का आपराधिक रिकॉर्ड है।
आजम ने अपने रिश्तेदारों की मदद से गिरफ्तारी का विरोध किया और कर्मचारियों पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें चोटें आईं। PTI के अनुसार, इस हाथापाई में वह भागने में कामयाब रहा।