दिल्ली के सरिता विहार में एक महिला ने आरोप लगाया है कि एक शख्स ने अपना नाम बदलकर उसके साथ जबरन शादी की। महिला का आरोप है कि शख्स ने अपनी पहचान छुपाई। महिला से संबंध बनाने के बाद उसने उससे जबरन शादी की। बाद में महिला को पता चला कि शख्स की पहचान कुछ और है।
महिला ने पुलिस को बताया कि उनके यहां रहने वाले किराएदार ने अपना नाम राहुल बता कर उससे दोस्ती की। बाद में महिला को पता चला कि शख्स का नाम साहिब अली था। महिला ने इस हफ्ते सोमवार को सरिता विहार थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 20 वर्षीय युवक साहिब अली ने उससे जबरन अपनी पहचान छिपा कर शादी की।
महिला ने पुलिस को बताया कि उनके यहां पिछले साल राहुल नाम का शख्स किराए पर रहने के लिए आया था। जब उनके बीच दोस्ती हो गई तो राहुल ने शादी करने की बात कही। यह जानकारी महिला ने पुलिस को एफआईआर दर्ज कराते हुए दी।
महिला ने बताया , ‘शादी की बात सुनकर जब मैंने उससे उसके परिवार के बारे में पूछा तो उसने उस समय कहा कि उसका कोई परिवार नहीं है। हालांकि बाद में वह मुझे अपने रिश्तेदार के यहां ले गया जहां उसने मुझे अपने माता पिता से मिलाया। उस वक्त मुझे मालूम चला कि उसका नाम साहिब अली है।’
शुरू में तो महिला ने आरोपी से शादी करने के लिए इंकार कर दिया था। लेकिन इसके बाद आरोपी पीड़िता को जान से मारने की धमकी देने लगा। महिला ने बताया कि जोड़े ने कालका जी मंदिर में शादी कर ली थी। उस समय युवक ने कहा था कि वह धर्म परिवर्तन के लिए महिला पर दबाव नहीं डालेगा। बाद में धर्म परिवर्तन करने के लिए शख्स ने उसे पीटना शुरू कर दिया। यहां तक कि शख्स ने महिला की इच्छा के खिलाफ उससे संबंध भी बनाए। महिला पर बुर्का पहनने और नमाज पढ़ने के लिए दबाव बनाया जाने लगा।
महिला ने अपनी शिकायत में आरोपी के पिता पर भी यौन उत्पीड़न करने के आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस ने आईपीसी की अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।