आम आदमी पार्टी की शैली ओबेरॉय फिर से दिल्ली की मेयर चुनी गई हैं। दिल्ली में बुधवार (26 अप्रैल, 2023) को मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव होना था। इसमें भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के बीच मुकाबला था। हालांकि, भाजपा ने चुनाव से पहले दोनों पदों पर अपने उम्मीदवारों का नाम वापस लेने की घोषणा की है।

भाजपा ने शिखा राय को मेयर पद के लिए और सोनी पांडे को डिप्टी मेयर पद के लिए उम्मीदवार बनाया था, लेकिन पार्टी ने चुनाव से पहले ही दोनों का नाम वापस ले लिया। शिखा राय ग्रेटर कैलाश-1 वार्ड से पार्षद हैं और सोनी पांडे सोनिया विहार वार्ड का प्रतिनिधित्व करती हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी की ओर से शैली ओबेरॉय मेयर पद के लिए जबकि आले मोहम्मद इकबाल को डिप्टी मेयर का उम्मीदवार बनाया गया था। शैली ओबेरॉय दिल्ली की पटेल नगर विधानसभा के वार्ड नंबर 86 से पार्षद हैं। आले मोहम्मद इकबाल वार्ड 76 चांदनी महल से पार्षद हैं।

लगातार दूसरी बार शैली ओबेरॉय दिल्ली की मेयर बनी हैं। वह नौवीं ऐसी मेयर हैं जो लगातार एक साल से ज्यादा समय तक इस पद पर काम करेंगी। एमसीडी रिकॉर्ड के मुताबिक, शामनाथ 1960 से 1962 तक दिल्ली के मेयर रहे, उनके बाद नूरुद्दीन अहमन (1965-1967), हंसराज गुप्ता (1967-1972), केदारनाथ साहनी (1972-1975), राजेंद्र गुप्ता (1977-1980), महेंद्र सिंह साथी (1983-1990), शांति देसाई (2000-2002), और आरती मेहरा (2007-2009) एक साल से ज्यादा समय तक दिल्ली के मेयर पद पर रहे। 2012 में तीन भागों में बंटने के बाद 2022 तक एमसीडी के पास 30 मेयर थे।

शैली ओबेरॉय 22 फरवरी को दिल्ली की महापौर चुनी गई थीं। इस दौरान, उन्होंने भाजपा की रेखा गुप्ता को 34 वोटों के अंतर से हराया था। शैली को 150 वोट मिले थे, जबकि रेखा गुप्ता को 266 में से 116 वोट मिले थे।