देश की राजधानी दिल्ली से एक हैरान करने वाली घटना सामने आ रही है। यहां थाने के अंदर घुसकर कुछ लोगों ने हेड कांस्टेबल की बेरहमी से पिटाई कर दी। जिसका मौजूद लोग वीडियो शूट करते रहे। किसी ने भी आगे बढ़कर हेड कांस्टेबल को बचाने की कोशिश नहीं की। हमलावरों से बचने के लिए सिपाही माफी मांगता रहा, लेकिन किसी ने उसकी बात को नहीं सुना। पिटाई करने के बाद हमलावर फरार हो गए। हेड कांस्टेबल की पिटाई का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना नई दिल्ली के आनंद विहार पुलिस स्टेशन की है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि 10-12 लोगों की भीड़ ने सिपाही को घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। जबकि मौजूद कई लोग अपने मोबाइल में घटना का वीडियो और फोटो खींचते देखे जा सकते हैं। कोई भी हमलावरों को रोकने की कोशिश नहीं कर रहा है। पीटा जा रहा सिपाही आनंद विहार थाने का हेड कांस्टेबल है। कांस्टेबल माफी मांगता रहता है, लेकिन भीड़ नहीं रुकती।
वहीं अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सिपाही को क्यों पीटा गया। पुलिस ने बताया कि घटना तीन अगस्त की है। हमलावरों की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है।
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी को पकड़ने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीसीपी ने आरोपियों के खिलाफ एक्शन लेने की बात कही है। उन्होंने कहा है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है। उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।
सोशल कमेंट्स-
हेड कांस्टेबल की पिटाई के बाद सोशल मीडिया में लोगों ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं व्यक्त की हैं। ओम प्रकाश सिंह नाम के एक यूजर ने लिखा- ‘विश्वगुरु बन रहा है ना भारत’।
सचिन नाम के एक यूजर लिखते हैं कि थाने में घुसकर पिटाई, वो भी दिल्ली में। डॉक्टर शिवकांत गौतम नाम के यूजर ने लिखा- ‘वाकी पुलिस , बेरोजगारी के खिलाफ धरने पर गए लोगो को रोकने गई थी’।