कांग्रेस के अधिवेशन में राहुल गांधी के भाषण को अब तक का सबसे दुर्भाग्यपूर्ण भाषण करार देते हुए भाजपा ने रविवार को कहा कि यह एक पराजित और जनता द्वारा सिरे से खारिज किए गए नेता की बयानबाजी भर है। कांग्रेस अध्यक्ष के आरोपों का उत्तर देने के लिए भाजपा ने रविवार को रक्षा मंत्री और वरिष्ठ नेता निर्मला सीतारमण को आगे किया। सीतारमण ने कहा, ‘झूठ बोलना, झूठ बेचना और झूठ की खेती करना कांग्रेस का फैशन हो गया है। कांग्रेस अधिवेशन में राहुल गांधी के भाषण के साथ पारित चार प्रस्ताव झूठ के पुलिंदे भर हैं।’ उन्होंने कहा कि राहुल के भाषण से स्पष्ट हो जाता है कि वे कितना सच बोलते हैं। कांग्रेस ने देश पर आपातकाल थोपा, सिखों का नरसंहार कराया, देश के टुकड़े करने वालों के समर्थन में खड़े होकर भाषण दिए, आतंकवादियों की मौत पर आंसू बहाए, भगवान राम के अस्तित्व को नकारा, 12 लाख करोड़ के घपले में शामिल रही। उन्होंने आरोप लगाया कि कश्मीर समस्या कांग्रेस की देन है।
कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए भाजपा की वरिष्ठ नेता ने तंज किया कि जनता द्वारा नकारे जाने पर राहुल गांधी मानसिक दिवालियेपन के शिकार हो गए हैं। वैचारिक दिवालियेपन के शिकार तो वे पहले ही थे। सीतारमण ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस हिंदू धर्म का उपहास उड़ाने का एक भी मौका नहीं छोड़ते हैं और अब वे अपनी तुलना पांडवों से कर रहे हैं। यह हास्यास्पद है। राहुल गांधी और कांग्रेस ने हमेशा ही हिंदू धर्म, आस्था और मान्यताओं का मजाक उड़ाया है। भाजपा राहुल गांधी द्वारा हिंदू धर्म का अपमान करने की निंदा करती है और राहुल व कांग्रेस से अविलंब माफी की मांग करती है।
सीतारमण ने कहा कि कांग्रेस देश के स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान करने का कोई भी मौका नहीं छोड़ती। देश वीर सावरकर को भारत की एकता और अखंडता के लिए उनके अमूल्य योगदान को नमन करता है लेकिन राहुल गांधी उनका अपमान करते हैं। कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार में शामिल होने का आरोप लगाते हुए हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अंतरिक्ष से लेकर पाताल तक कांग्रेस ने यूपीए सरकार के 10 वर्षों में 12 लाख करोड़ रुपए के घोटाले किए। उन्होंने कहा कि घोटाला कांग्रेस की पहचान है, झूठ फैलाना ही कांग्रेस की नीति है जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने पिछले चार सालों में देश को भ्रष्टाचार-मुक्त, निर्णायक व पारदर्शी सरकार देने का काम किया है।
कांग्रेस द्वारा कृषि कर्ज माफी का वादा करने पर निशाना साधते हुए सीतारमण ने कहा कि 2008-09 में कांग्रेस ने वोटबैंक की राजनीति के लिए किसानों की कर्ज माफी का ड्रामा किया जबकि मीडिया में इसमें हुए घोटाले की कहानियां छप रही थीं। भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस के महामंथन में जो बाते सामने आई हैं उसका यथार्थ से कोई नाम नहीं है। ऐसा दर्शाया गया है जैसे कांग्रेस लगातार चुनाव जीत रही है, जबकि हकीकत यह है कि कांग्रेस एक के बाद एक चुनाव हार रही है। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा एक के बाद एक चुनाव जीत रही है। उन्होंने कहा कि जहां तक उत्तर प्रदेश में दो सीटों पर उपचुनाव में पराजय की बात है, इस बारे में हमारे मुख्यमंत्री ने आत्मचिंतन की बात कही है। लेकिन महत्त्वपूर्ण बात यह है कि इन दोनों सीटों पर कांग्रेस की जमानत जब्त हुई है।