तमिलनाडु के तीन विधानसभा क्षेत्रों और पड़ोसी राज्य पुडुचेरी की एकमात्र सीट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना केन्द्रों पर मतों की गिनती शुरू हो गयी है। इन सीटों के लिए 19 नवंबर को मतदान हुआ था। सबसे पहले डाक मतों की गिनती की जा रही है और इसके बाद ईवीएम मतों की गिनती शुरू की जाएगी। करीब एक घंटे में मतों का रूझान मिल जाने और आज दिन में परिणाम आ जाने की संभावना है।
अरवाकुरिची में करूर के एम कुमारसामी कॉलेज आॅफ इंजीनियरिंग में मतों की गिनती हो रही है।
तंजावुर में कुंडावई नचिआर गवर्नमेंट आॅर्ट्स कॉलेज फॉर वुमेन में मतों की गिनती हो रही है। थिरूप्परनकुंडरम विधानसभा के लिए मदुरै मेडिकल कॉलेज परिसर में मतों की गिनती हो रही है। तंजावुर में रंगासामी (अन्नाद्रमुक) और द्रमुक के अंजुगम भूपति मुख्य प्रतिद्वंद्वी हैं। थिरूप्परनकुंडरम में अन्नाद्रमुक के एके बोस और द्रमुक के सरवनन के बीच मुकाबला है जबकि अरवाकुरिची में सेंथिल बालाजी (अन्नाद्रमुक) और केसी पलनिसामी (द्रमुक) के बीच मुख्य मुकाबला है।
केन्द्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में नेल्लीथोपे विधानसभा सीट के लिए मतों की गिनती भारतिदासन गॅवर्नमेंट कॉलेज फॉर वुमेन में की जा रही है। इस सीट पर पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन नारायणसामी का मुकाबला अन्नाद्रमुक के प्रत्याशी ओम शक्ति सागर से है।
बता दें कि देश के सात राज्यों में हुए उपचुनावों के नतीजों के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। इन राज्यों की चार लोकसभा और आठ विधानसभा सीटों पर 19 नवंबर को वोट डाले गए थे। 500-1000 के नोटबंदी के बाद यह पहला चुनाव है। इसमें बीजेपी की जीत-हार पर काफी कुछ निर्भर करेगा। असम, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल में लोकसभा सीटों पर उपचुनाव हुआ है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु और त्रिपुरा, पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव हुआ। शुरुआती रुझानों के अनुसार मध्य प्रदेश की शहडोल लोकसभा सीट पर भाजपा ने बढ़त बना ली है। उसका उम्मीदवार यहां से लगभग 10 हजार मतों से आगे है। नेपानगर विधानसभा सीट से भी भाजपा आगे चल रही है। कांग्रेस ने पुदुचेरी की नेलीथोप्पु सीट जीत ली है। त्रिपुरा में सत्ताधारी सीपीएम ने खरजला और खोवाई दोनों सीटें जीत ली हैं। भाजपा यहां पर पैर जमाने में लगी है। इन नतीजों से उसे झटका लगा है। वहीं तमिलनाडु की तंजावुर सीट पर जयललिता की पार्टी अन्नाद्रमुक बढ़त बनाए हुुए हैै।