महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के घाटकोपर इलाके में बीती रात कांग्रेस कार्यकर्ता मनोज दुबे की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। मृतक के घरवालों ने आरोप लगाया है कि फेसबुक पोस्ट की वजह से भाजपा अौर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हत्या की है। वे मनोज के फेसबुक पोस्ट से आक्रोशित थे। फेसबुक पोस्ट को लेकर शुरू हुई बहस ने मनोज की जान ले ली। परिजनों ने कहा, “उसने (मनोज) फेसबुक पर पोस्ट शेयर किया था कि 2019 में कांग्रेस की सरकार बनेगी। इसके बाद भाजपा और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उसके पोस्ट पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। बात बढ़ते-बढ़ते झगड़े तक पहुंच गई। तलवारें चल गई और मनोज की हत्या कर दी गई।” मृतक की उम्र 40 वर्ष बताई जा रही है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मनोज दुबे ने कांग्रेस के समर्थन में एक फेसबुक पोस्ट शेयर किया था। इस पोस्ट पर कई लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। इसके बाद बहस शुरू हो गई। धीरे-धीरे इस बहस ने हिंसक रूप धारण कर लिया। कथित तौर पर बीती रात जब मनोज घाटकोपर इलाके के असल्फा मेट्रो स्टेशन के पास थे, तभी कुछ लोगों ने उनके उपर चाकुओं और तलवार से हमला कर दिया। इस हमले में वे बुरी तरह घायल हो गए। कुछ लोगों ने उन्हें घायल अवस्था में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और सभी बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कुछ लोगों को हिरासत में लेने की बात कही जा रही है। बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब राजनीतिक विवाद को लेकर हत्या का मामला सामने आया है। इससे पहले मध्य प्रदेश के इंदौर में एक सरपंच की हत्या कर दी गई थी। उस मामले में भी राजनीतिक विवाद के बाद हत्या का आरोप लगा था।