पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। आम आदमी पार्टी वहां सत्ता पर काबिज है। वहीं कांग्रेस पूरा जोर लगा रही है। हालांकि पंजाब कांग्रेस के अंदर कलह से पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व परेशान है। कांग्रेस नेतृत्व ने पार्टी की पंजाब इकाई में कलह के बीच गुरुवार को राज्य के नेताओं को चेतावनी दी कि पार्टी के अंतरिक मुद्दों पर सार्वजनिक बयानबाजी और किसी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
खड़गे के आवास पर हुई बैठक
पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में परिवर्तन का कोई सवाल नहीं है। पार्टी नेतृत्व ने पंजाब प्रदेश कांग्रेस से जुड़े नेताओं के साथ करीब तीन घंटे तक मंत्रणा की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास ‘10 राजाजी मार्ग’ पर हुई एक बैठक में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल भी शामिल हुए।
यह बैठक चन्नी का हाल में एक वीडियो सामने आने के बाद हुई है, जिससे कांग्रेस की आंतरिक कलह खुलकर सामने आ गई थी। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में चन्नी को पार्टी में दलितों के प्रतिनिधित्व की मांग करते हुए सुना जा सकता है। चन्नी का कहना है कि उन्होंने किसी विशेष जाति या समुदाय के खिलाफ कोई बात नहीं की थी।
‘मुझे तलाक दिए बिना दूसरी शादी की…’, बंगाल बीजेपी के विधायक हिरन चटर्जी पर पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप
वेणुगोपाल ने क्या कहा?
बैठक के बाद वेणुगोपाल ने पत्रकारों से कहा, “खड़गे जी और राहुल जी ने पंजाब के प्रत्येक नेता के विचार सुनने में तीन घंटे बिताए। नेताओं ने पंजाब कांग्रेस की भविष्य की यात्रा के बारे में अपने विचार साझा किए। यह बहुत ही सार्थक चर्चा रही। कांग्रेस नेतृत्व ने आज बहुत स्पष्ट निर्देश दिया है कि आंतरिक मुद्दों पर मीडिया या सोशल मीडिया में कोई सार्वजनिक बयानबाजी नहीं की जाएगी, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी ने सर्वसम्मति से नेतृत्व के फैसले पर सहमति जताई।”
पंजाब में नेतृत्व परिवर्तन की संभावना के बारे में पूछे जाने पर वेणुगोपाल ने कहा, “नेतृत्व परिवर्तन का कोई सवाल ही नहीं है। हम सभी समुदायों, विशेष रूप से एससी, एसटी, ओबीसी और सामान्य वर्ग के गरीब लोगों के प्रतिनिधित्व के लिए प्रतिबद्ध हैं। यही विचार है, यही लाइन है जो पार्टी ने पूरे भारत में अपनाई है। यह पंजाब में भी लागू है। लेकिन, मीडिया में बात करने और सोशल मीडिया पर ऐसी बातों को फैलाने से कांग्रेस संगठन को मदद नहीं मिल सकती है। यह हमारा कर्तव्य है, आलाकमान का कर्तव्य है कि सभी को प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना चाहिए। हम इसका ध्यान रखेंगे।” वेणुगोपाल ने दावा किया कि हम पंजाब में आराम से जीतने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकजुट होकर लड़ेगी और पंजाब के लोगों के समर्थन से पंजाब में जीत दर्ज करेगी। पढ़ें गणतंत्र दिवस परेड में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ फॉर्मेशन में उड़ेंगे भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान
