MP News: भोपाल के कारम डैम को लेकर हुए भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस ने मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार के सामने मोर्चा खोला हुआ है। कांग्रेस विधायक पांचीलाल मेड़ा इस मामले को लेकर आदिवासी न्याय यात्रा पर भोपाल पहुंचे। मध्य प्रदेश पुलिस ने पांचीलाल मेड़ा की आदिवासी यात्रा को लालघाटी पर ही रोक दिया। यात्रा रोके जाने के बाद नाराज आदिवासी कार्यकर्ताओं ने वहीं पर धरना दे दिया इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर बवाल हुआ।
इस बवाल के दौरान कांग्रेस विधायक पांचीलाल मेड़ा का कुर्ता ही फट गया। दरअसल कांग्रेस विधायक अपने कार्यकर्ताओं के साथ बैरिकेड्स पार करने की कोशिश में लगे थे इसी कोशिश में उनका कुर्ता फट गया लेकिन वो फटे कुर्ते में ही आगे बढ़ते हुए नारेबाजी करते रहे। इसके पहले मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्मयंत्री कमलनाथ भी लालघाटी पहुंचे थे उन्होंने 20 मिनट तक धरने में हिस्सा लिया था फिर वो चले गए थे। इस दौरान कमलनाथ ने शिवराज सिंह चौहान पर कई आरोप लगाए।
कमलनाथ ने शिवराज सरकार को घेरा
कमलनाथ ने शिवराज सरकार को घेरते हुए कहा, ‘ये जो व्यवस्था बनाई हुई है पंचायत से लेकर मंत्रालय तक जो भ्रष्टाचार हो रहा है ये उसका प्रतीक है। राज्य के आदिवासी 350 किलोमीटर दूर से पैदल चलकर आए हैं ताकि वो एक ज्ञापन दे पाएं। उसके लिए भी उनको रोका जा रहा है। पूरे देश में सबसे ज्यादा अत्याचार आज सिर्फ मध्य प्रदेश में है पूरे देश में है। हमारे आदिवासी समाज के साथ पूरे देश में सबसे ज्यादा अत्याचार हो रहा है। इसको देखकर हमारे सीएम शिवराज सिंह चौहान की नीति और नियत सबको समझ में आ रही है।’
पीड़ितों को न्याय मिलने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगाः कमलनाथ
धार जिले के कारम डैम में हुए भ्रष्टाचार के बाद स्थानीय किसानों और आदिवासियों की मांग को लेकर विधायक पांचीलाल मेड़ा ने 21 सितंबर से पद यात्रा शुरू की थी। उनके साथ कांग्रेस विधायक और कार्यकर्ता भी शामिल हैं। पांचीलाल राज्यपाल से मिलने के लिए गुरुवार (29 सितंबर) को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचे थे। कमलनाथ ने पांचीलाल मेड़ा के साथ हुए दुर्व्यवहार पर बीजेपी की निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस इस मामले पर चुप बैठने वाली नहीं है। जब तक पीड़ितों को उचित मुआवजा नहीं मिल जाता तब तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा।
