हरियाणा के झज्जर में एक दिन पहले ही कुछ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक लड़की को सड़क से उठा लिया था। अब इस मामले ने तूल पकड़ लिया है। राज्य में विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने इसे लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शनिवार को लड़की के अपहरण से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी शेयर किया। इसके साथ उन्होंने राज्य सरकार की कानून व्यवस्था को फेल करार दिया।
क्या लिखा सुरजेवाला ने?
रणदीप सुरजेवाला ने ट्विटर पर कहा, “बेटी बचाओ’ भी जुमला! बेटियां आखिर कब तक केवल नारों में ही बचती रहेंगी? हरियाणा में अपराधियो के हौसले इतने बुलंद है कि दिनदहाड़े बेटियों का अपहरण हो रहा है। भाजपा/जजपा सरकार के शासन व कानून व्यवस्था की विफलता। खट्टर-दुष्यंत सरकार इस जंगलराज पर जवाब दे!”
‘बेटी बचाओ’ भी जुमला!
बेटियां आखिर कब तक केवल नारों में ही बचती रहेंगी?
हरियाणा में अपराधियो के हौंसले इतने बुलंद है कि दिनदहाड़े बेटियों का अपहरण हो रहा है।
भाजपा/जजपा सरकार के शासन व कानून व्यवस्था की विफलता।
खट्टर-दुष्यंत सरकार इस जंगलराज पर जवाब दे! pic.twitter.com/p7nz9L4xxF
— Randeep Singh Surjewala (@rssurjewala) June 12, 2020
क्या था वीडियो में, क्या है पूरा मामला?
वीडियो में नजर आ रहा है कि यह लड़की अपनी मां के साथ सड़क पर जा रही है। इसी दौरान एक कार बिल्कुल उनके करीब आकर रुकती है। एक बदमाश गाड़ी से उतरता है और लड़की का हाथ पकड़ कर गाड़ी में खींचने लगता है। लड़की और उसकी मां उस दौरान उस बदमाश से हाथ छुड़ाने की कोशिश करती हैं। लेकिन बदमाश लड़की को खींच कर गाड़ी में बैठा लेते हैं औऱ उसका अपहरण कर भागने में कामयाब हो जाते हैं।
पुलिस ने इस मामले में जांच के बाद खुलासा किया कि युवती ने अपहरण के कुछ ही घंटों बाद शादी कर ली। पुलिस को जानकारी मिली कि लड़की एक महीने पहले ही बालिग हुई थी और उसने आर्य समाज मंदिर में शादी की है। बताया गया है कि अपहरण के समय वह अपना 10वीं का सर्टिफिकेट साथ लेकर गई थी। पुलिस ने लड़की को जींद जिले से पकड़ लिया। उसे झज्जर ले जाकर मजिस्ट्रेट के सामने बयान करवाए जाएंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।