कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी शनिवार को कानपुर पहुंची। उन्होंने यहां पर कांग्रेसियों के साथ कानपुर नगर और अकबरपुर लोकसभा सीट की चुनावी नब्ज टटोली। इसके साथ ही कांग्रेसियों का आग्रह भी स्वीकार करते हुए कहा कि 22 से 26 अप्रैल के बीच कानपुर में जनसभा की जाएगी।प्रियंका कानपुर के अहिरवां एयरपोर्ट पहुंची जहां पर कांग्रेसियों ने माला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। जिसके बाद प्रियंका गांधी ने एयरपोर्ट पर ही वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के साथ करीब 20 मिनट तक कानपुर नगर और अकबरपुर लोकसभा सीट पर चल रहे चुनाव प्रचार का हालचाल लिया। जिस पर कांग्रेसी नेताओं ने बताया कि अबकी बार चुनाव बेहतर चल रहा है और पार्टी की जीत होगी।कानपुर सीट के उम्मीदवार और पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने बताया कि प्रियंका गांधी ने कहा है कि कानपुर और अकबरपुर सीट पर अबकी बार जीत होनी चाहिये। इसके लिए कार्यकर्ता बूथ से लेकर घर-घर अपनी पकड़ बनाये।इसके साथ कांग्रेस के घोषणा पत्र को मतदाताओं तक पहुंचाना है। जिससे सत्ताधारी पार्टी द्वारा किया जा रहे भ्रामक प्रचार को सफलता नहीं मिलनी चाहिये।अकबरपुर सीट से उम्मीदवार व पूर्व सांसद राजाराम पाल ने बताया कि प्रियंका गांधी से कानपुर आने का आग्रह किया गया है और उन्होंने 22 से 26 अप्रैल के बीच कानपुर आने की सहमति दे दी। जिससे दोनों लोकसभा सीटों का सियासी समीकरण बदलेगा और जीत भी होगी। जिलाध्यक्ष हर प्रकाश अग्निहोत्री ने बताया कि प्रियंका गांधी के कानपुर में आने की सहमति देने के बाद से कांग्रेसियों का उत्साह और दूना हो गया है।

इन्होंने की मुलाकात: एयरपोर्ट पर में पूर्व केंद्रीय मंत्री और कानपुर से लोकसभा उम्मीदवार श्रीप्रकाश जायसवाल,अकबरपुर से उम्मीदवार और पूर्व सांसद राजाराम पाल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री, ग्रामीण अध्यक्ष व पूर्व विधायक संजीव दरियावादी,विधायक सोहिल अख्तर अंसारी से सबसे पहले प्रियंका ने मुलाकात की।इस मुलाकात में कानपुर और अकबरपुर लोकसभा का माहौल जानने के साथ कांग्रेस की वर्तमान स्थिति का भी प्रियंका ने आंकलन किया।

बेहोश हुए इंटक नेता, प्रियंका ने छिड़का पानी: कांग्रेसी नेताओं से मुलाकात के बाद प्रियंका बाहर आयीं और पार्टी के कुछ अन्य नेताओं से भी चिरपरिचित मुस्कान के साथ् मिलीं। इसी बीच इंटक नेता आशीष पांडेय गश खाकर गिर गए।आशीष पांडेय के गिरते ही प्रियंका ने ठीक उसी तरह सहानुभूति भी दिखाई, जिसके वीडियो दिल्ली और केरल में पत्रकारों के बेहोश होने पर वायरल हो चुके हैं। प्रियंका ने आशीष पर पानी छिड़ककर उनका कुशलक्षेम भी पूछा। इंटक नेता का कहना है कि, प्रियंका को उन्होंने लालइमली समेत कानपुर की मिलों को लेकर ज्ञापन दिया है, प्रियंका ने उन्हें अमेठी में भी बुलाया है।

श्रीप्रकाश को साथ ले गयीं प्रियंका: कानपुर के कांग्रेसी नेताओं से मुलाकात करने के बाद प्रियंका का काफिला औंग, फतेहपुर के लिए रवाना हो गया।फतेहपुर जाते समय प्रियंका अपने साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल को भी ले गईं। माना जा रहा है कि प्रियंका रास्ते में श्रीप्रकाश से शहर की राजनीति को और हालजाल जाना है, ताकि, जब वह कानपुर फिर से आएं, तो उन्हीं मुद्दों पर अपनी विरोधी पार्टी भाजपा को घेरें, जिसको कानपुर में बीजेपी अपनी उपलब्धि बताती है।

साये की तरह चल रहे जौनपुर के युवा: प्रियंका गांधी का लोकसभा चुनाव में जहां भी कार्यक्रम होता है वहां पर जौनपुर के प्रियंका फ्रंट के यूवा साये की तरह मौजूद रहते हैं। यहां भी जौनपुर यूथ फ्रंट के युवा प्रियंका जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। युवाओं का कहना था कि प्रियंका का ग्राफ जिस तरह से युवाओं में बढ़ रहा है उससे यह तय है कि अबकी बार लोकसभा चुनाव की परिदृश्य कुछ अलग दिखेगा।