पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने चुनाव समिति का ऐलान कर दिया है। चुनाव समिति की अगुवाई प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू करेंगे। वहीं इस टीम में पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह सिद्धू को भी शामिल किया गया है।
कांग्रेस पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक बयान जारी कर इस फैसले के बारे में सोमवार को जानकारी दी। वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रदेश चुनाव समिति का गठन किया है। उन्होंने कहा- “इस समिति में नवजोत सिंह सिद्धू के साथ ही मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी, सुनील जाखड़, प्रताप सिंह बाजवा और कई अन्य नेता एवं सांसद शामिल हैं। कांग्रेस ने पंजाब के 28 जिलों में जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों और कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति भी की है”।
लिस्ट के अनुसार सीएम चन्नी को समिति में सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया है। इससे पहले छह दिसंबर को, पार्टी ने राज्य प्रभारी हरीश चौधरी, चरणजीत सिंह चन्नी, नवजोत सिंह सिद्धू, सुनील जाखड़ और पंजाब के प्रभारी सभी कांग्रेस सचिवों के पदेन सदस्यों के साथ अजय माकन, चंदन यादव और कृष्णा अल्लारु को लेकर एक चुनाव स्क्रीनिंग कमेटी का गठन किया था।
इसके अलावा, पार्टी ने अंबिका सोनी को चुनाव समन्वय समिति का अध्यक्ष, सुनील जाखड़ को चुनाव प्रचार समिति का अध्यक्ष और प्रताप सिंह बाजवा को घोषणा पत्र समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया था। तीनों नेताओं को राज्य चुनाव समिति का सदस्य भी नियुक्त किया गया था।
आज की घोषणा में पूर्व सीएम राजिंदर कौल भट्टल, पार्टी विधायक रमिंदर सिंह आवाला, बलबीर सिंह सिद्धू, श्याम सुंदर अरोड़ा, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, साधु सिंह धर्मसोत, अजैब सिंह भट्टी और नवतेज सिंह चीमा का नाम भी शामिल किया गया है।
अन्य सदस्यों में एचएस हंसपाल, मोहिंदर सिंह के पी, केएल शर्मा, लाल सिंह सीनियर, कुलजीत सिंह नागरा, सुखविंदर सिंह, पवन गोयल, गुरप्रीत कांगड़, हामिद मसीह, राजकुमार चब्बेवाल, बलबीर रानी सोढ़ी, बरिंदर ढिल्लों और अक्षय शर्मा का नाम भी शामिल है।
